छत्तीसगढ़

CG- 120 शिक्षकों-कर्मचारियों के वेतन पर लगी रोक, DEO ने जारी किया आदेश, कार्रवाई से मचा हड़कंप…..

बेमेतरा। यू-डाइस पोर्टल पर विद्यार्थियों, स्कूल और शिक्षकों की प्रोफाइल प्रविष्टि निर्धारित समय-सीमा में पूरी नहीं करना जिले के 17 शासकीय स्कूलों के संस्था प्रमुखों, शिक्षकों और कर्मचारियों को भारी पड़ गया है। डीईओ अभय कुमार जायसवाल ने लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्कूलों में पदस्थ 120 शिक्षकों-कर्मचारियों का अक्टूबर 2026 का वेतन आगामी आदेश तक रोकने का निर्देश जारी कर दिया है। डीईओ के आदेश से शिक्षकों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।

डीईओ कार्यालय से जारी आदेश में लिखा है, यू-डाइस डेटा एंट्री का कार्य केवल संस्था प्रमुख की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें स्कूल में पदस्थ समस्त शिक्षक एवं कर्मचारियों की सहभागिता और जवाबदेही है। निर्धारित समय में पोर्टल पर स्कूल, विद्यार्थी और शिक्षक प्रोफाइल का शत-प्रतिशत अद्यतन किया जाना अनिवार्य है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से 27 जुलाई और 1 अक्टूबर को पत्र जारी कर समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश जारी किया था। दायित्वों का निर्वहन नहीं करना छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रावधानों के उल्लंघन की श्रेणी में माना गया है। इसी आधार पर संबंधित अमले का वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है।

बेमेतरा, बेरला, नवागढ़ और साजा ब्लाॅक के 17 स्कूल कार्रवाई की जद में

कार्रवाई की जद में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल देवरबीजा, नवागढ़, शिवलाल राठी एक्सीलेंस स्कूल बेमेतरा, स्वामी आत्मानंद स्कूल सिंधौरी सहित बेमेतरा, बेरला, नवागढ़ और साजा विकासखंड के 17 विद्यालय शामिल हैं। इनमें शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमेतरा, बालसमुंद, जेवरी, कुसमी, तेमरी, हतराका, कोपेडाबरी तथा माध्यमिक शाला भोथिडीह, हेमाबंद, झाल, मुटपुरी और कन्या माध्यमिक शाला देवकर शामिल हैं। डीईओ ने सभी संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को वेतन भुगतान रोकने का निर्देश जारी किया है।

Related Articles

Back to top button