Asia Cup 2022 champion
नया भारत डेस्क : श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया कप 2022 का खिताब अपने नाम कर लिया है. दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 23 रनों से मात दी. श्रीलंका ने जहां पांचवीं बार एशिया कप खिताब पर कब्जा जमाया है. वहीं पाकिस्तान का तीसरी बार ट्रॉफी जीतने का सपना चकनाचूर हो गया.
एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 23 रन से हरा दिया। टीम 2014 के बाद पहली बार इस मेगा टूर्नामेंट की चैंपियन बनी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 145 रन पर ऑल-आउट हो गई। श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट प्रमोद मदुशन ने लिए। वहीं, वानिंदु हसरंगा को 3 सफलता मिली। ये तीनों विकेट 17वें ओवर में आए और यहीं से मैच बदल गया। उन्होंने रिजवान, आसिफ अली और खुशदिल शाह को आउट किया।
आज के मैच को जोड़कर यह दोनों टीमें चार बार एशिया कप फाइनल में एक-दूसरे से भिड़ चुकी हैं। श्रीलंका ने 3 बार जीत दर्ज की। सबसे पहली बार श्रीलंका ने 1986, 2014 और अब 2022 में पाकिस्तान को हराया है। वहीं पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ वर्ष 2000 में खिताब जीता।
एशिया कप ने 6 बार जीता एशिया कप
एशिया कप की बात करें तो श्रीलंका ने कुल 6 बार इस खिताब पर कब्जा जमाया है। सबसे पहले श्रीलंका की टीम 1986, 1997, 2004, 2008 और 2014 में टूर्नामेंट जीती थी, अब 2022 में एक बार फिर टीम ने इस खिताब पर कब्जा किया है। श्रीलंका भारत के बाद टूर्नामेंट के इतिहास में दूसरी सबसे सफल टीम है। भारत ने 7 खिताब जीते हैं। पाकिस्तान ने दो बार 2000 और 2012 में खिताब जीता है।
एशिया कप में हार के साथ हुई थी शुरुआत
एशिया कप 2022 में श्रीलंका ने अपने अभियान की शुरुआत अफगानिस्तान से आठ विकेट से हार के साथ की थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने ऐसा धमाकेदार प्रदर्शन किया कि दुनिया देखती रह गई।
पहली हार के बाद श्रीलंका ने अपने अगले ग्रुप गेम में वापसी की, एक रोमांचक मैच में बांग्लादेश को दो विकेट से हराकर टूर्नामेंट के सुपर फोर चरण के लिए क्वालीफाई किया। श्रीलंका ने कड़े मुकाबलों में अफगानिस्तान, भारत और पाकिस्तान को हराकर चकित किया और अब फाइनल में पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी है।