CG- बच्चा चोरी की शिकायत निकली झूठी! महिला ने खुद रची नवजात के अपहरण की कहानी, जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा…..

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के ग्राम जेवरा-एस में नवजात शिशु को दो अज्ञात महिलाओं द्वारा ले जाने का मामला जांच में झूठा निकला है। पुलिस जांच में महिला के गर्भवती होने और प्रसव होने के कोई प्रमाण नहीं मिले। बेमेतरा एसपी त्रिलोक बंसल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि महिला ने परिवार से अपनी सच्चाई छिपाने के लिए नवजात के अपहरण की पूरी कहानी गढ़ी थी। शुरुआती शिकायत में दो अज्ञात महिलाओं द्वारा बच्चे को ले जाने का दावा किया गया था, लेकिन जांच में यह कहानी मनगढ़ंत निकली। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने शिकायत में दावा किया था कि प्रसव के बाद दो अज्ञात महिलाएं नवजात शिशु को अपने साथ ले गईं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शिकायत से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।
दो बार गर्भपात के बाद परिवार से छिपाई सच्चाई
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला का पहले दो बार गर्भपात हो चुका था। इसके बाद परिवार की नजरों में गलत साबित होने से बचने के लिए उसने गर्भवती होने की झूठी बात कही। अपनी बात को सच साबित करने और सच्चाई छिपाने के लिए उसने प्रसव होने और दो अज्ञात महिलाओं द्वारा नवजात को ले जाने की मनगढ़ंत कहानी तैयार की तथा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी।
चिकित्सकीय जांच में नहीं हुई गर्भावस्था की पुष्टि
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराया। जांच में गर्भावस्था और प्रसव की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने शिकायत को झूठा पाए जाने पर महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 217 के तहत कार्रवाई की।
एसपी त्रिलोक बंसल के मुताबिक, जांच में नवजात के अपहरण की शिकायत निराधार पाई गई। इस खुलासे के बाद नवजात को ले जाने की घटना को लेकर बना संशय दूर हो गया है।



