डेस्क : छत्तीसगढ़ का पूरा मंत्रिमंडल आज (13 जुलाई) अयोध्या रवाना हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि, भांचा राम के दर्शन करने हम जा रहे हैं। मुख्यमंत्री इस मौके पर माता शबरी की धरती कहे जाने वाले शिवरीनारायण से बेर फल से भरी टोकरी भी उपहार के रूप में रामलला को भेंट करेंगे।
आज स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से सीएम समेत सभी मंत्री रवाना हो गए हैं। वे महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट अयोध्या धाम पहुंचेंगे। यहां शाम 5 बजे तक श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन और मंदिर का भ्रमण करेंगे।इसके बाद शाम 5.15 बजे अयोध्या धाम एयरपोर्ट से रायपुर के लिए वापसी होगी। शाम 6.45 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट रायपुर लौट आएंगे।
मुख्यमंत्री साय उपहार माता शबरी की पवित्र धरती शिवरीनारायण से बेर फल की टोकरी ले जायेंगे. अयोध्या पहुंचकर उपहार स्वरूप रामलला के चरणों में मुख्यमंत्री बेर फल की टोकरी अर्पित करेंगे.
छत्तीसगढ़ का विष्णुभोग चावल, कोसा वस्त्र, कारी लड्डू, अनरसा और सीताफल सहित अन्य सामग्री भी मुख्यमंत्री साय रामलला को भेंट करेंगे. मान्यताओं के अनुसार प्रभु श्रीराम ने शिवरीनारायण में ही माता शबरी के जूठे बेर खाये थे. प्रभु श्रीराम का छत्तीसगढ़ के जनजातीय लोगों से गहरा स्नेह था. माता शबरी के जूठे बेर की कहानी रामायण की सबसे मर्मस्पर्शी कहानियों में से एक है.
22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही चर्चा थी कि मुख्यमंत्री साय और सभी मंत्री अयोध्या जाएंगे। CM साय ने भी कहा था कि जल्द ही पूरे मंत्रिमंडल के साथ हम अयोध्या जाएंगे। साय सरकार का ये अयोध्या दर्शन कार्यक्रम एक दिन का ही होगा। शाम तक सभी मंत्री लौट आएंगे। वहीं, इसे छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने नौटंकी बताया है।