कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। कुसमुंडा आवासीय क्षेत्र में करंट लगने से पति-पत्नी की मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि मृतक एसईसीएल की ठेका कंपनी में कार्यरत था, जो कि आज सुबह नहाने के बाद कपड़े तार में सूखने के लिए डाल रहा था। लेकिन तार में करंट प्रवाहित होने के कारण वह करंट की चपेट में आ गया। मौके पर मौजूद पत्नी बचाने के लिए दौड़ी इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गयी। इस घटना में दंपति की मौके पर ही मौत हो गयी।
ये मामला कुसमुंडा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक कुसमुंडा के आदर्श नगर मनगांव बस्ती में दुर्योधन मोहंता का परिवार निवास करता है। मूलतः उड़ीसा का रहने वाला दुर्योधन अपनी पत्नी भारती और 10 साल के बेटे के साथ निवास करता था। कुसमुंडा खदान में ठेका कंपनी में कार्यरता दुर्योधन सुबह के वक्त नहा कर घर के बाहर पोल से लगे तार पर कपड़ा सुखा रहा था। तभी अचानक से कपड़ा सुखाने वाले तार में करेंट आ गया, जिससे वह करंट की चपेट में आकर चिपक गया। इस घटना को देखने के बाद हड़बड़ायी पत्नी ने पति को बचाने का प्रयास किया।
इस दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गयी। इस घटना में करंट लगने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गयी। पड़ोसियों को जब घटना की जानकारी हुई, तो आनन फानन में दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त मृतक दंपति का 10 साल का बेटा स्कूल गया हुआ था। जिससे उसकी जान बच गयी।