
Chhattisgarh धमतरी नगरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत पाईकभाठा में सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग को लेकर पंचायत की सियासत गरमा गई है। उपसरपंच समेत पांच पंचों ने नगरी एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर सरपंच के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पंचों ने आरोप लगाया है कि पंचायत के विकास कार्यों और शासन की योजनाओं से जुड़े मामलों में उनसे उचित विचार-विमर्श नहीं किया जाता। साथ ही महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी भी पंचों को नहीं दिए जाने का आरोप लगाया गया है। पंचों का दावा है कि पंचायत के कई कार्य सरपंच अपने पति के साथ मिलकर संचालित करती हैं।
ज्ञापन में पंचायत के कार्यों में मनमानी और जिम्मेदारी तय नहीं होने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। पंचों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप करते हुए सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।