अवैध शराब के खिलाफ धमतरी पुलिस का बड़ा प्रहार, कुरूद और केरेगांव में दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए धमतरी पुलिस ने कुरूद और केरेगांव थाना क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई कर दो शराब कोचियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देशी शराब, कच्ची महुआ शराब और बिक्री की नगद रकम समेत कुल 1,810 रुपये का सामान जब्त किया है।
एसपी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कुरूद और केरेगांव पुलिस ने सूचना के आधार पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।
नया बस स्टैंड कुरूद में देशी शराब बेचते पकड़ा गया आरोपी
थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नया बस स्टैंड स्थित शौचालय के पास एक युवक अवैध रूप से देशी शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर ठाकुर राम यादव (23 वर्ष), निवासी संजय नगर कुरूद को शराब बिक्री करते हुए पकड़ लिया।
आरोपी के कब्जे से 12 पौवा देशी शराब कीमत 960 रुपये और बिक्री की 300 रुपये नगद रकम बरामद की गई। कुल 1,260 रुपये का सामान जब्त किया गया।
फुटहामुड़ा में कच्ची महुआ शराब की बिक्री का भंडाफोड़
इधर, थाना केरेगांव पुलिस ने ग्राम फुटहामुड़ा में कार्रवाई करते हुए रमलू नेताम (23 वर्ष), निवासी फुटहामुड़ा को अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3.5 लीटर कच्ची महुआ शराब कीमत 350 रुपये तथा बिक्री की 200 रुपये नगद रकम बरामद की। इस मामले में कुल 550 रुपये का सामान जब्त किया गया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(1) ख आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है,अवैध कारोबार करने वालों को पुलिस की सख्त चेतावनी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, भंडारण और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
धमतरी पुलिस का संदेश साफ है—अवैध कारोबार पर लगातार प्रहार और सुरक्षित समाज के लिए सख्त कार्रवाई।