युवा उत्सव में भाग लेने धमतरी के 20 वालेंटियर्स हिमाचल प्रदेश रवाना…कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने दी शुभकामनाएं, कहा— राष्ट्रीय मंच पर जिले की प्रतिभा और संस्कृति का करें बेहतर प्रतिनिधित्व…

धमतरी…जिले के युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल के तहत धमतरी जिले के 20 युवा वालेंटियर्स हिमाचल प्रदेश में आयोजित युवा उत्सव में भाग लेने के लिए रवाना हुए। हाल ही में आयोजित यूथ फेस्ट कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन और सक्रिय सहभागिता करने वाले विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों का चयन इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए किया गया है।
रवानगी अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा उत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की विविधता, परंपराओं और नवाचारों को समझने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित होती है। विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों के साथ संवाद से नई सोच, सकारात्मक दृष्टिकोण और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूती मिलती है।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने वालेंटियर्स से अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक व्यवहार के साथ धमतरी जिले का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से प्राप्त अनुभव भविष्य में युवाओं के व्यक्तित्व विकास और कैरियर निर्माण में भी सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम में उप संचालक, पंचायत श्री नकुल वर्मा, सहायक संचालक, कौशल विकास डॉ. शैलेंद्र गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें उत्साहपूर्वक रवाना किया।