CG – हौसले एवं इरादों के साथ आगे बढ़ते बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के 6 बरस, सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया स्थापना दिवस…

हौसले एवं इरादों के साथ आगे बढ़ते बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के 6 बरस, सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया स्थापना दिवस
संभाग के विभिन्न जिलों एवं विभिन्न ब्लॉक व ग्राम स्तर पर स्वच्छता अभियान के साथ मोर्चा द्वारा अस्पतालों में किया गया फलों का वितरण
जगदलपुर। आज पूरे बस्तर में बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा का छठवां स्थापना दिवस “सेवा संकल्प दिवस” के रूप में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस के इस अवसर पर जगदलपुर सहित संभाग के अलग-अलग जिलों सहित ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर सार्वजनिक जगहों पर स्वच्छता अभियान के साथ विभिन्न अस्पतालों में मरीज के बीच फलों का वितरण एवं रक्तदान कर मनाया गया।

स्थापना दिवस पर कार्यक्रमों की शुरुआत प्रातः सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों एवं ऐतिहासिक स्थलों की साफ-सफाई से हुई। इसके पश्चात विभिन्न जिलों में संगोष्ठियों का आयोजन किया गया तथा अस्पतालों में पहुंचकर मरीजों को फल वितरण कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली गई।

संगोष्ठियों को संबोधित करते हुए बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के मुख्य संयोजक श्री नवनीत चाँद ने कहा कि संगठन के गठन का मूल उद्देश्य बस्तर के सर्वांगीण विकास हेतु संघर्ष करना है। जल, जंगल, जमीन और खनिज संपदा की रक्षा एवं उस पर स्थानीय जनता के अधिकार सुनिश्चित करना संगठन की प्राथमिकता है। इसके साथ ही रोजगार का अधिकार, शिक्षा और स्वास्थ्य की मजबूती, बुनियादी एवं मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, समानता का अधिकार, धर्मनिरपेक्षता का विस्तार, आपसी सौहार्द और प्रेम का वातावरण स्थापित करना तथा राजनीतिक दृष्टिकोण से बस्तर को सशक्त प्रतिनिधित्व दिलाना हमारा संकल्प है।

नवनीत ने कहा कि विगत छह वर्षों से मुक्ति मोर्चा निरंतर जनता के मुद्दों पर संघर्षरत रहा है। चाहे स्थानीय युवाओं के रोजगार का प्रश्न हो, संसाधनों पर अधिकार की बात हो या प्रशासनिक उपेक्षा के खिलाफ आवाज उठानी हो — संगठन ने हर परिस्थिति में बस्तर की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष किया है।

मुख्य संयोजक ने वर्ष 2026 को संगठन विस्तार का वर्ष घोषित करते हुए बताया कि बस्तर संभाग के प्रत्येक ग्राम पंचायत, नगर पंचायत, नगर पालिका एवं नगर निगम स्तर तक संगठन का व्यापक विस्तार किया जाएगा। जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को तेज करते हुए बेहतर राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना तथा जनता के बीच निरंतर संवाद स्थापित करना हमारी रणनीति का हिस्सा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा, संघर्ष और संगठन विस्तार के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि “श्रेष्ठ बस्तर” के निर्माण का लक्ष्य साकार हो सके।

बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा ने स्थापना दिवस के अवसर पर यह संकल्प दोहराया कि संगठन आगे भी जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करते हुए बस्तर की अस्मिता, अधिकार और विकास के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा। इस दौरान बस्तर अधिकार मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारी के रूप में मेहताब सिंह हिमांशु आनंद जॉन आकाश नीलांबर भद्रे कमल बघेल संतु मौर्य लक्की बघेल बनमली बघेल गुड्डू कश्यप अलका नादान निहारिका सिंह प्रिया यादव गायत्री ठाकुर संतोष सिंह, धन सिंह बघेल, भुवनेश्वरी साहू फूल कुमारी आदि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे!







