CG – देव स्नान पूर्णिमा पर होगा भगवान जगन्नाथ का महाभिषेक, गोंचा महापर्व का होगा शुभारंभ…

देव स्नान पूर्णिमा पर होगा भगवान जगन्नाथ का महाभिषेक, गोंचा महापर्व का होगा शुभारंभ
जगदलपुर। बस्तर के ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध गोंचा महापर्व के प्रथम धार्मिक अनुष्ठान देव स्नान पूर्णिमा (चंदन जात्रा) का आयोजन सोमवार, 29 जून 2026 को भगवान जगन्नाथ मंदिर, जगदलपुर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ किया जाएगा। इस पावन अनुष्ठान के साथ गोंचा महापर्व की विधिवत शुरुआत होगी।
देव स्नान पूर्णिमा के अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य महाभिषेक (जलाभिषेक) किया जाएगा। परंपरा के अनुसार महाभिषेक के बाद भगवान अनसर (विश्राम काल) में विराजमान होंगे। इस अवधि में भगवान के दर्शन वर्जित रहेंगे तथा 15 जुलाई को नेत्रोत्सव के अवसर पर पुनः श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 8:30 बजे ग्राम आसना से शालिग्राम भगवान को शोभायात्रा के साथ मंदिर लाया जाएगा। इसके बाद 9:00 बजे इंद्रावती नदी से पवित्र जल लाने की परंपरा निभाई जाएगी। प्रातः 10:00 बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा का महाभिषेक संपन्न होगा। महाभिषेक के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज, बस्तर संभाग के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि देव स्नान पूर्णिमा बस्तर के ऐतिहासिक गोंचा महापर्व का प्रथम पूजा-अनुष्ठान है। उन्होंने समाज के 108 गांवों में निवासरत 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के सभी सदस्यों के साथ-साथ जगदलपुर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद एवं पुण्य लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया।
समाज के सचिव देव शंकर पंडा ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने समाज के पदाधिकारियों, महिला समिति, युवा समिति, वरिष्ठजनों एवं सभी श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।


