छत्तीसगढ़

CG- अविश्वास प्रस्ताव के मतदान से ठीक पहले पंच की संदिग्ध मौत, गांव में शोक की लहर, सरपंच ने लगाया ये गंभीर आरोप……

पिथौरा। ग्राम पंचायत ठाकुरदिया खुर्द में 3 जुलाई को होने वाले अविश्वास प्रस्ताव के मतदान से ठीक पहले सनसनीखेज घटना सामने आई है। वार्ड क्रमांक 2 के पंच केशव राम सिन्हा (पिता गोसाईं), निवासी ग्राम ठाकुरदिया खुर्द की उत्तरप्रदेश के घूरपुर में सड़क दुर्घटना के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना की खबर लगते ही गांव में शोक की लहर है। वर्तमान सरपंच मनोज सिन्हा ने गांव के ही युवक अजय नायक एवं मिथुन पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सोची-समझी साजिश के तहत अपहरण और हत्या करार दिया है।

ज्ञात हो कि ग्राम पंचायत ठाकुरदिया में सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है। अविश्वास प्रस्ताव की तिथि मिलने के बाद से ही दो अलग-अलग दलों ने पंचों से संपर्क कर अपने-अपने पक्ष में मतदान करने के लिए शह और मात का खेल शुरू कर दिया है। इसी बीच ग्राम के अन्य कुछ पंच को अजय नायक वाहन में बैठाकर अयोध्या दर्शन के लिए ले गए, इस बीच मिली जानकारी के अनुसार ढाबे में खाना खाने के बाद केशव सिन्हा को किसी का फोन आता है और वह बात करते-करते पीछे से आ रही एक वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो जाती है।

इस दुर्घटना को लेकर वर्तमान सरपंच मनोज सिन्हा का आरोप है कि आगामी 3 तारीख को होने वाले अविश्वास प्रस्ताव की वोटिंग के समीकरण को बिगाड़ने के लिए विपक्षी खेमे के अजय नायक और उनके साथियों ने पंच केशव राम सिन्हा को निशाना बनाया। अजय नायक, पंच केशव राम को “पिथौरा से होकर आ रहे हैं” कहकर अपनी गाड़ी में जबरदस्ती बिठाकर ले गया। इस बात की भनक उनके परिवार वालों तक को नहीं थी। बाद में उन्हें राजनीतिक लाभ के लिए छत्तीसगढ़ से दूर उत्तरप्रदेश ले जाया गया।

सरपंच मनोज सिन्हा के मुताबिक, इस घटनाक्रम के बीच कल ही उनकी मृतक पंच केशव राम सिन्हा से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के दौरान केशव राम ने अपनी अज्ञानता और लाचारी जताते हुए बताया था कि विपक्षी खेमे के लोग उन्हें उनकी मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती उठाकर ले आए हैं, ताकि वे अविश्वास प्रस्ताव में मतदान न कर सकें। केशव राम ने मुझसे फोन पर कहा था कि वह किसी तरह 2 तारीख तक वापस लौट आएगा। उसने यह भी हिदायत दी थी कि यदि वह 2 तारीख तक नहीं आ पाता है, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी जाए।

दूसरी तरफ खबरों के मुताबिक पंच को अपने साथ कार में ले जाने वाले अजय नायक ने उत्तरप्रदेश से फोन पर एक अलग कहानी बयां की है। अजय नायक के अनुसार, वे अपने क्षेत्र के कुछ ग्रामीणों और पंच केशव राम सिन्हा के साथ कार से रामलला के दर्शन करने अयोध्या धाम जा रहे थे। सोमवार रात करीब 10 बजे सभी लोग उत्तरप्रदेश के प्रयागराज जिले के घूरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरंगापुर स्थित ‘श्री बाबा ढाबा’ के पास भोजन करने के लिए रुके थे। खाना खाने के दौरान केशव राम सिन्हा के मोबाइल पर किसी का फोन आया, जिससे बात करते हुए वह सड़क की ओर बढ़ने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल केशव राम को तत्काल नजदीकी एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की आधिकारिक सूचना मिलते ही मृतक पंच केशव राम सिन्हा के परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई है और वे तुरंत उत्तरप्रदेश के लिए रवाना हो चुके हैं। वर्तमान में यूपी की घूरपुर (सरंगापुर) पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम व अन्य विधिक औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं। इधर छत्तीसगढ़ के पिथौरा में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। सरपंच मनोज सिन्हा और पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मामले की क्रोनोलॉजी को देखते हुए इसके पीछे छिपी किडनैपिंग और हत्या की साजिश की उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button