CG – महतारी वंदन योजन में पुरुष बना महतारी, इतने महीने तक खाते में आती रही राशि, ऐसे खुली पोल……

खैरागढ़। महतारी वंदन योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। खैरागढ़ जिले के ग्राम मुढ़ीपार निवासी तिलोक साहू नामक एक पुरुष का आवेदन योजना में स्वीकृत हो गया और उसके खाते में लगातार 12 महीने तक योजना की राशि पहुंचती रही। आवेदन में उसने खुद को ही अपना पति बताया था, फिर भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सुपरवाइजर दोनों ने आवेदन को सत्यापित कर दिया।
ऑनलाइन रिकॉर्ड के अनुसार आवेदन में हितग्राही का नाम तिलोक साहू और पति का नाम भी तिलोक साहू दर्ज था। इसके बावजूद आवेदन को खैरागढ़ परियोजना के मुढ़ीपार सेक्टर की आंगनबाड़ी और सुपरवाइजर स्तर पर सत्यापित कर दिया गया। इसके बाद संबंधित बैंक खाते में हर महीने महतारी वंदन योजना की राशि जमा होती रही।
यह मामला करीब एक साल बाद सामने आया। रिकॉर्ड में अब आवेदन की स्थिति ‘परमानेंट होल्ड’ और ‘लाभ त्याग अनुरोध स्वीकृत’ दिखाई दे रही है। मामले में एक और बड़ा विरोधाभास सामने आया है। ऑनलाइन भुगतान रिकॉर्ड के मुताबिक संबंधित व्यक्ति को 12 महीने तक योजना की राशि मिली, जबकि 3 जुलाई 2026 को एकीकृत बाल विकास सेवा परियोजना, खैरागढ़ ने बैंक को जारी पत्र में केवल 10 हजार रुपये शासन के खाते में वापस जमा कराने के निर्देश दिए।
जिला परियोजना अधिकारी पी.आर. खुटेल ने बताया कि संबंधित हितग्राही से राशि की रिकवरी कर ली गई है। हालांकि अन्य तथ्यों के संबंध में उन्होंने रिकॉर्ड देखने के बाद जानकारी देने की बात कही।



