CG – मातम में बदली शादी की खुशियां : हाइवा ने स्कूटी को मारी टक्कर, हवा में उछले और दूर जा गिरे दो दोस्त, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर……

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर सड़क हादसे को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जहां तेज रफ्तार हाइवा ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल का सिम्स में इलाज चल रहा है। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के बिनौरी मोड़ की है।
परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। दहेज में देने के लिए टीवी खरीदना था, इसलिए दो दोस्त स्कूटी से मल्हार जा रहे थे। तभी यह जानलेवा हादसा हो गया।
लोहर्सी सोन निवासी बरन भानु (50) पिता स्व रोहित भानु अपने दोस्त बंशी श्रीवास के साथ गुरुवार को स्कूटी क्रमांक CG 22 AE 0512 से मल्हार जा रहे थे। बताया जा रहा है, परिवार में शादी थी और दहेज में देने के लिए टीवी खरीदने दोनों बाजार जा रहे थे। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी मोड़ के पास सामने से आ रही हाइवा क्रमांक CG 22 J 8196 ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल डायल-112 और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से दोनों घायलों को पहले मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान बरन भानु ने दम तोड़ दिया। बंशी श्रीवास की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पचपेड़ी पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।



