छत्तीसगढ़

CG – क्रिप्टो में मोटे मुनाफे का झांसा : क्रिप्टोकरेंसी में निवेश और ज्यादा मुनाफा के लालच में कैश उड़ा रहे थे आरोपी, पांच आरोपी ऐसे चढ़े पुलिस हत्थे……

सरगुजा। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश और ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर नकद रकम ठगने वाले गिरोह को सरगुजा पुलिस ने पकड़ने में सफलता पाई है। मणिपुर पुलिस ने, होटल में सेमिनार कर ठगी तथा लोगों को लालच देने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, प्रोजेक्टर, स्पीकर, मोबाइल, डायरी, नोट बुक और गेम चेंजर एकेडमी लिखी टी-शर्ट जब्त की है। मामले में बिलासपुर के दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर मणिपुर पुलिस ने अंबिकापुर के एक होटल में चल रहे सेमिनार के दौरान छापामार कार्रवाई की। पीड़ित विद्याचरण राव निवासी इन्दरपुर थाना दरिमा ने बताया कि गांव का त्रिपाल टोप्पो उसे ऑनलाइन शेयर मार्केट में फायदा होने की जानकारी दी और उदयपुर निवासी राजकुमार पैकरा से मिलवाया। राजकुमार ने बिटगेट क्रिप्टो वॉलेट ऐप में पैसा लगाने से अधिक रकम मिलने का लालच दिया। राजकुमार के कहने पर पीड़ित ने होटल फिल आनंदम में ट्रेनिंग में गया। वहां कांता प्रसाद राजवाड़े लैपटॉप और प्रोजेक्टर के माध्यम से 10-12 लोगों को बिटगेट वालेट में पैसा बढ़ाने के बारे में बता रहा था। बताया गया कि 12 लेवल पूरा करने पर फ्री में पैसा मिलता रहेगा। इसी दौरान राजकुमार पैकरा ने पीड़ित से 10 हजार रुपये नकद लेकर एक साल में एक लाख रुपये होने का झांसा देकर ठगी की।

पुलिस ने कांता प्रसाद राजवाड़े (27) निवासी सिंगीटाना थाना लखनपुर, राजकुमार पैकरा (42) निवासी पण्डरीडांड उदयपुर, जीवन साय टोप्पो (36) निवासी महादेवटिकरा नावानगर थाना दरिमा, फिरोज लकड़ा (35) निवासी टपरकेला थाना दरिमा और मुकेश कुमार गुप्ता (46) निवासी अम्बे कॉलोनी गांधीनगर को गिरफ्तार किया। आरोपियों से लैपटॉप, लैपटॉप का बैग, चार्ज वायर, प्रोजेक्टर, स्पीकर, मोबाइल, तीन डायरी, एक नोट बुक और काले रंग की टी-शर्ट जिस पर ‘गेम चेंजर एकेडमी’ लिखा है, जब्त किया गया है। टी-शर्ट बिलासपुर के सीनियर त्रिभुवन साहू ने दी थी।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बिलासपुर के त्रिभुवन साहू एवं रमाशंकर साहू ने उन्हें क्रिप्टोकरेंसी बिटगेट वालेट में पैसा निवेश के संबंध में जानकारी दी थी। उनके साथ मिलकर बिलासपुर में भी कई बार सेमिनार किया गया है। आरोपित नेपाल सेमिनार में सीखे तरीके के अनुसार ही अंबिकापुर में सेमिनार कर रहे थे।

आरोपी नए लोगों को प्ले स्टोर से बिटगेट वालेट एप्लीकेशन डाउनलोड कराते थे। उनसे नकद या फोन पे से 100, 200, 1000, 5000 रुपये लेकर उतनी कीमत का क्रिप्टोकरेंसी खरीदकर न्यू वॉलेट क्रिएट कर उनके रिसीविंग एड्रेस पर टोकन ट्रांसफर करते थे। केवाइसी वेरिफाइड कर क्रिप्टोकरेंसी से आइएनआर और आइएनआर से क्रिप्टो में कन्वर्ट होता है। आरोपियों का कहना था कि क्वाइन को होल्ड करके रखने पर पांच से 10 दिन में 1000, 2000, 3500 रुपये मुनाफा होता है।

पुलिस ने बताया कि बिलासपुर निवासी त्रिभुवन साहू और रमाशंकर साहू घटना के दिन से फरार है। आरोपियों ने छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और देश के अन्य राज्यों में भी इसके प्रचार-प्रसार की बात कबूली है। फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ज्यादा मुनाफे के लालच एवं अन्य बहकावे में आकर भ्रामक और गलत ऐप के माध्यम से कहीं निवेश न करें। आप ठगी के शिकार हो सकते हैं। किसी भी निवेश से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button