धमतरी में दहीहंडी पर विवाद, एक ही जगह आयोजन को लेकर आमने-सामने निगम और संगठन..!

Chhattisgarh धमतरी के घड़ी चौक पर दहीहंडी उत्सव के आयोजन को लेकर देर शाम नगर निगम में विवाद की स्थिति बन गई। श्रीराम हिंदू संगठन के सदस्यों ने नगर निगम पर उसी स्थान पर आयोजन की जानकारी जारी करने का विरोध करते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
श्रीराम हिंदू संगठन का कहना है कि वह पिछले 12 वर्षों से घड़ी चौक पर दहीहंडी उत्सव का आयोजन करता आ रहा है। संगठन के प्रतीक सोनी और प्रवीण साहू ने कहा कि इस वर्ष भी घड़ी चौक पर 13वां भव्य दहीहंडी उत्सव आयोजित किया जाएगा
संगठन के मुताबिक, नगर निगम द्वारा इसी स्थान पर दहीहंडी उत्सव के पोस्टर जारी किए जाने के बाद विवाद बढ़ा। सदस्यों का आरोप है कि नगर निगम उनके पारंपरिक आयोजन का श्रेय लेने का प्रयास कर रहा है। संगठन ने निगम से किसी अन्य स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की है।
बताया गया कि संगठन के सदस्यों को बैठक के लिए नगर निगम बुलाया गया था। सभा हॉल में करीब आधे घंटे इंतजार के बाद उन्हें आयुक्त के चैंबर में बुलाया गया, जहां सीमित संख्या में सदस्यों को प्रवेश देने की बात पर विवाद बढ़ गया। इसके बाद संगठन के सदस्यों ने नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और आयुक्त के चैंबर के बाहर बैठ गए।
वहीं, नगर निगम आयुक्त ने कहा कि मामले को लेकर एसडीएम से चर्चा की जाएगी और दोनों पक्षों के बीच समन्वय बनाकर समाधान निकाला जाएगा।