CG – KTU छात्रों का फूटा गुस्सा, कुकर-कढ़ाई लेकर सड़क पर उतरे, इस मांग को लेकर कर रहे प्रदर्शन…..

रायपुर। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (KTU) में छात्रावास की बदहाल व्यवस्था को लेकर विद्यार्थियों का गुस्सा फूटा। छात्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रशासनिक भवन के गेट पर अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र कुकर, कढ़ाई, थाली और पत्तल लेकर विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचे और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।
छात्रों का प्रदर्शन कुलपति, रजिस्ट्रार और प्रशासनिक भवन के गेट पर जारी है। विद्यार्थियों का कहना है कि छात्रावास में लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी समाधान नहीं किया गया है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया है कि हॉस्टल में पीने के पानी में लगातार कीड़े निकल रहे हैं। वहीं, करीब एक महीने से सफाई कर्मचारी नहीं आ रहे हैं। उनसे दबावपूर्वक झाड़ू लगवाया जा रहा है। विद्यार्थियों के मुताबिक, छात्रावास की छत से बारिश के दौरान पानी टपकता है और कमरों के अंदर पानी भर जाता है। इसके अलावा हॉस्टल के खराब दरवाजों और पानी की टंकियों को बदलने की मांग भी छात्रों ने की है।
छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय में पीने के पानी और वाटर कूलर जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए भी उन्हें प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। विद्यार्थियों ने प्रशासन से हॉस्टल की व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है। छात्रों ने अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू किया है। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, न कि समस्या उठाने वाले विद्यार्थियों पर दबाव बनाया जाना चाहिए। समस्या का समाधान करने के बजाय समस्या उठाने वाले विद्यार्थियों को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।



