CG Politics : भूपेश-देवेंद्र विवाद के बीच सिंहदेव का बयान, गुटबाजी के सवाल पर कही ऐसी बात कि बढ़ी सियासी चर्चा…..

रायपुर। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर बड़ा बयान दिया। भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव के बीच गुटबाजी के सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि परिवार में भी दो लोगों की राय अलग हो सकती है। इसे गुटबाजी नहीं कहा जा सकता।
सिंहदेव ने कहा कि भूपेश बघेल वरिष्ठ नेता हैं, जबकि देवेंद्र यादव युवा नेता हैं। दोनों पड़ोसी विधायक भी हैं। उन्होंने कहा कि अलग-अलग उम्र और अनुभव के नेताओं की राय अलग होना स्वाभाविक है।
जब उनसे पूछा गया कि वे भूपेश बघेल और देवेंद्र यादव में से किसके साथ हैं, तो सिंहदेव ने कहा- मेरा समर्थन कांग्रेस के साथ है।
गुटबाजी के सवाल पर सिंहदेव ने परिवार का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि समाज की सबसे छोटी इकाई परिवार है। कौन से परिवार में दो राय नहीं होती। भाई-भाई और पिता-पुत्र के बीच भी अलग राय हो सकती है।
उन्होंने कहा कि इसी तरह हर राजनीतिक दल में विचारों की भिन्नता होती है। जरूरी यह है कि पार्टी के हित को नुकसान कम से कम हो। इसी को लेकर हम प्रयास कर रहे हैं।



