CG -कलेक्टर बने शिक्षक : नवोदय के बच्चों की ली क्लास, पढ़ाई के साथ दिया सफलता का मंत्र……

गरियाबंद। प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा ने पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पाण्डुका पहुंचे। यहां उनका अंदाज महज औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि वे सीधे विद्यार्थियों के बीच पहुंचे और कक्षा 11वीं में बच्चों को जीव विज्ञान का पाठ पढ़ाया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई और विषय संबंधी समझ को भी परखा।
कक्षा में कलेक्टर शर्मा ने विद्यार्थियों से वनस्पति विज्ञान और मानव शरीर विज्ञान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने फूलों की विशेषताओं के साथ विश्व के सबसे बड़े पुष्प रेफलीसिया अर्नोल्डी और सबसे छोटे पुष्प वुल्फिया के बारे में जानकारी दी। वहीं मानव शरीर विज्ञान के अंतर्गत मानव के दंत सूत्र 2,1,2,3 को विद्यार्थियों के साथ दोहराते हुए विषय को सरल तरीके से समझाया। कलेक्टर के इस सहज अंदाज से विद्यार्थी भी उत्साहित नजर आए और उन्होंने बढ़-चढ़कर सवालों के जवाब दिए।
विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए कड़ी मेहनत, निरंतर अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे हासिल करने के लिए नियमित रूप से योजनाबद्ध तैयारी करने की बात कही। उन्होंने बच्चों को अपनी प्रतिभा पर विश्वास रखते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
NEET-JEE की तैयारी पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य से विद्यार्थियों के मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रारंभ से ही NEET और JEE जैसी परीक्षाओं की योजनाबद्ध एवं विशेष तैयारी करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों को उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी स्वयं को तैयार करना चाहिए।
विद्यालय की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
कलेक्टर श्री शर्मा ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए प्राचार्य से विद्यालय की स्थापना, शैक्षणिक व्यवस्था और शिक्षकों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था तथा परिसर की अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पाण्डुका में कक्षा 6वीं से 12वीं तक लगभग 440 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नवीन भगत, श्रीमती ऋषा ठाकुर, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।



