CG – सीपत में फिर सक्रिय हुआ केबल चोर गिरोह तीन गांवों के 10 बोर के तार ले उड़े टेलीकॉम केबल के बाद बोर पंपों को बना रहें निशाना पढ़े पूरी ख़बर
सीपत//क्षेत्र में एक बार फिर केबल चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। टेलीकॉम केबल चोरी के बाद अब चोरों ने सरकारी बोर-पंपों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
सोमवार रात खम्हरिया, मड़ई और कुली गांव में अलग-अलग स्थानों पर लगे करीब 10 सरकारी बोर के केबल काटकर चोर ले गए। मंगलवार सुबह पंप ऑपरेटरों के बोर चालू करने पहुंचने पर केबल कटे मिले। चोरी के बाद ग्रामीणों के सामने पेयजल और निस्तारी की समस्या खड़ी हो गई है।
कहां-कहां से हुई चोरी…
खम्हरिया में डाबरी तालाब, पंचायत भवन और शासकीय प्राथमिक शाला में लगे बोर से केबल चोरी मड़ई में अंबेडकर चौक, अटल चौक और मोंगरा साहू के घर के पास स्थित सरकारी बोर के कनेक्शन काटे गए कुली में आवास मोहल्ला, रामफल के घर के पास, मांगलू बांध की मेड़ और संतोष किराना दुकान के पास लगे बोर से केबल चोरी
प्रत्येक बोर से करीब 20 मीटर केबल काटे जाने की जानकारी है। केबल चोरी होने से सरकारी बोर के पंप चालू नहीं हो पा रहे हैं, जिससे तीनों गांवों में पेयजल के साथ निस्तारी की समस्या भी बढ़ गई है और ग्रामीणों को पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर होना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए खम्हरिया की सरपंच श्वेता खांडेकर, मड़ई के सरपंच फिरतराम अनंत और कुली के सरपंच बलराम वस्त्रकार ने नए केबल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उनका प्रयास है कि जल्द पंप चालू कर पानी की व्यवस्था बहाल की जा सके।
मड़ई सरपंच फिरतराम अनंत ने सीपत थाने में लिखित शिकायत की है खम्हरिया और कुली के सरपंचों ने फोन से पुलिस को सूचना दी। तीनों गांव आसपास होने के कारण पुलिस घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही है और आसपास लगे कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान में जुटी है।




