
Chhattisgarh धमतरी। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बोराई थाना पुलिस ने बैरियर नाका पर एक यात्री बस की जांच के दौरान 11.33 किलोग्राम गांजा बरामद कर मध्यप्रदेश के दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उड़ीसा से बस के जरिए गांजा लेकर धमतरी की ओर आ रहे थे।
बस की जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को थाना प्रभारी बोराई और पुलिस स्टाफ द्वारा बैरियर नाका बोराई के पास संदिग्ध वाहनों एवं यात्रियों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान उड़ीसा से धमतरी की ओर आ रही यात्री बस क्रमांक CG 04 EA 2476 को रोककर तलाशी ली गई।
जांच के दौरान बस में सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
– निखिल वर्मा (26 वर्ष), पिता राजेश वर्मा, निवासी सतवास, थाना सतवास, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
– मोहित गोदरा (28 वर्ष), पिता प्रेमनारायण, निवासी गोलागुठान, थाना सतवास, जिला देवास, मध्यप्रदेश।
2.32 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2,32,350 रुपये की सामग्री जब्त की है। इसमें—
– 11.33 किलोग्राम गांजा — अनुमानित कीमत 2,20,000 रुपये
– 2 मोबाइल फोन — अनुमानित कीमत 10,000 रुपये
– नकद 2,350 रुपये शामिल हैं।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बोराई में अपराध क्रमांक 16/26, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की विवेचना जारी है। साथ ही गांजा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा सके।
ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार कार्रवाई
धमतरी पुलिस के अनुसार, जिले में मादक पदार्थों के अवैध भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।