छत्तीसगढ़

CG – विदेश में MBA और नौकरी का दिखाया सपना, 19 लाख देने के बाद खुला ऐसा राज, हिरासत में कंसल्टेंसी संचालक……

दुर्ग। विदेश में MBA की पढ़ाई और नौकरी का सपना दिखाकर एक युवक से 19 लाख रुपये ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सुपेला थाना क्षेत्र के स्मृतिनगर में संचालित एक कंसल्टेंसी के जरिए युवक को यूके और कनाडा में दाखिला दिलाने के साथ नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था। पीड़ित ने इसके लिए 19 लाख रुपये दिए, लेकिन रकम लेने के बाद न तो उसे नौकरी मिली और न ही किया गया वादा पूरा हुआ। विदेश से वापस लौटने के बाद जब युवक ने रकम वापस मांगी तो कथित तौर पर दिए गए चेक भी बाउंस हो गए। मामले में पुलिस ने कंसल्टेंसी संचालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामले में स्मृतिनगर पुलिस ने टॉप कैरियर कंसल्टेंसी के संचालक गगन गुप्ता, जसविंदर सिंह और स्वाती अग्रवाल को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित सुमित अरमरकर को आरोपियों ने विदेश में MBA कराने का भरोसा दिया था। उसे यूके और कनाडा में दाखिला दिलाने के साथ पढ़ाई पूरी होने के बाद नौकरी लगवाने की बात कही गई। इसी भरोसे में पीड़ित ने कंसल्टेंसी संचालकों को अलग-अलग चरणों में करीब 19 लाख रुपये दिए।

पीड़ित का आरोप है कि विदेश जाने और पढ़ाई के बाद नौकरी दिलाने का भरोसा पूरा नहीं हुआ। नौकरी नहीं मिलने पर जब वह वापस लौटा तो रकम वापस करने को लेकर दिए गए चेक भी बैंक में प्रस्तुत करने पर बाउंस हो गए।

शिकायत मिलने के बाद स्मृतिनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान कंसल्टेंसी से जुड़े गगन गुप्ता, जसविंदर सिंह और स्वाती अग्रवाल को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब लेन-देन, विदेश भेजने के लिए किए गए दस्तावेजी दावों और पीड़ित से ली गई रकम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button