CG – कुप्रथा पर प्रहार : बच्चियों के भविष्य को बचाने के लिए बड़ा अभियान जारी, चल रहा था बाल विवाह, बारात से पहले शादी के मडंप में पहुंचे अधिकारी, फिर जो हुआ….

जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले में जिला प्रशासन ने कुप्रथा पर बड़ा प्रहार किया है। जिला प्रशासन की सक्रियता और महिला एवं बाल विकास विभाग की तत्परता से पखवाड़े भर में कुल 14 बाल विवाह रोके गए। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, अनिता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जांजगीर चांपा जिले में बाल विवाह की रोकथाम का अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला बाल संरक्षण अधिकारी गजेन्द्र सिंह जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस विभाग के समन्वय से विभिन्न गांवों में इन बाल विवाहों को रोका।
इस अभियान के तहत विकासखंड नवागढ़ के ग्राम अवरीद में एक ही दिन में पांच बाल विवाह रोके गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. बालक-बालिकाओं की जन्मतिथि एवं अंकसूचियों की जांच की गई, जिसमें उनकी उम्र विवाह की न्यूनतम निर्धारित आयु से कम पाई गई. विभागीय अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय नागरिकों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी और उन्हें समझाइश दी।