धमतरी

Dhamtari: कुरूद में 21.51 ग्राम हेरोइन जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार; 3.65 लाख का सामान बरामद…

Chhattisgarh धमतरी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। “ऑपरेशन निश्चय” के तहत कुरूद पुलिस ने हेरोइन यानी चिट्टा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर की शाम करीब 6:20 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुरूद के इन्वेन्चर स्कूल तिराहा, मेघा रोड के पास कुछ युवक हेरोइन लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 21.51 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया।

3.65 लाख रुपये का मशरूका जब्त…

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हेरोइन के अलावा 8 हजार रुपये नगद, दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 3 लाख 65 हजार रुपये है।

तीन आरोपी गिरफ्तार…

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम सिन्हा उर्फ घनसु सिन्हा, निवासी कलार पारा कुरूद, ढालेन्द्र रजक उर्फ बाउ और सूरज रजक, दोनों निवासी नयापारा धमतरी के रूप में हुई है।

कुरूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 306/2026 दर्ज कर धारा 21(बी), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध कारोबार के खिलाफ “ऑपरेशन निश्चय” के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही पुलिस नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटा रही है।

धमतरी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Back to top button