अन्य ख़बरें

संकल्प अभियान: साइकिल के पहियों पर सपनों की उड़ान, बालिकाओं में भरेगा आत्मविश्वास और साहस…

धमतरी। बालिकाओं के आत्मविश्वास, साहस, नेतृत्व क्षमता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बालिका सशक्तिकरण एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 21 सितंबर 2026 को रुद्री से गंगरेल तक बालिका साइकिल रैली निकाली जाएगी। इसके बाद गंगरेल में बालिकाओं के लिए प्रेरणादायी संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।

रुद्री से गंगरेल तक निकलेगी साइकिल रैली..

कार्यक्रम के तहत शाम 4 बजे से 4:45 बजे तक रुद्री से गंगरेल तक साइकिल रैली आयोजित होगी। इसमें बालिकाएं उत्साह के साथ शामिल होंगी। रैली का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

यह साइकिल रैली महज एक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि बालिकाओं के आत्मविश्वास, साहस और आगे बढ़ने के संकल्प का संदेश देगी।

पर्वतारोही समीरा खान करेंगी प्रेरणादायी संवाद…

साइकिल रैली के बाद शाम 4:45 बजे से 5:15 बजे तक गंगरेल स्थित वरदिया लेक व्यू में बालिका संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध पर्वतारोही एवं सोलो साइकिलिस्ट समीरा खान बालिकाओं से संवाद करेंगी।

समीरा खान अपने जीवन के अनुभवों, यात्राओं और चुनौतियों को साझा करते हुए बालिकाओं को साहस, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के लिए प्रेरित करेंगी।

“सपनों को पंख दें” होगा संवाद का संदेश…

संवाद कार्यक्रम की थीम “सपनों को पंख दें — साहस, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की ओर बालिकाओं की उड़ान” रखी गई है।

इस दौरान साइकिल से सफर से पर्वतों तक की यात्रा, साहस के साथ चुनौतियों पर विजय और सपनों से सफलता तक जैसे विषयों पर चर्चा होगी। बालिकाओं को यह संदेश दिया जाएगा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के जरिए कठिन लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।

आत्मनिर्भर भविष्य की ओर बढ़ेंगे कदम…

बालिका सशक्तिकरण एवं प्रेरणा कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने, नए सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता, आत्मनिर्भरता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर जोर दिया जाएगा।

साइकिल के पहियों पर आगे बढ़ती बालिकाएं और उनके सपनों को नई उड़ान देने वाला यह प्रेरणादायी संवाद, धमतरी में बालिका सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button