CG पुलिस को देखते ही कार में लगाई आग! 14 लाख का गांजा जलाने की कोशिश, 2 तस्कर गिरफ्तार; एक फरार..

Chhattisgarh महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर मध्यप्रदेश के शहडोल जा रहे थे। पुलिस की नाकेबंदी देखकर आरोपियों ने कार मोड़कर भागने का प्रयास किया और पकड़े जाने के डर से वाहन में रखे गांजे की बोरियों में आग लगा दी।
नाकेबंदी देख कार मोड़कर भागे तस्कर…
पुलिस को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद बसना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में नाकेबंदी की। इसी दौरान टीम ने एक काले रंग की वैगनआर कार को आते देखा। पुलिस को देखते ही चालक ने कार को मोड़कर विपरीत दिशा में तेज रफ्तार से भगाना शुरू कर दिया।
पुलिस और एएनटीएफ टीम ने वाहन का पीछा किया। ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर कार को रोकने के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने का प्रयास किया। इसी दौरान उन्होंने कार में रखी गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और जंगल की ओर भागने लगे।
दो आरोपी गिरफ्तार, एक जंगल में फरार…
पुलिस टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने कार का सामने का शीशा तोड़कर वाहन के अंदर लगी आग को बुझाया।
कार की डिक्की की तलाशी लेने पर तीन अधजली प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं। जांच के दौरान इन बोरियों से 28.465 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 14 लाख 23 हजार 250 रुपये है
ओडिशा से शहडोल ले जा रहे थे गांजा…
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा खरीदा था। इसके बाद वे अपने साथी शिवा सिंह के साथ गांजा लेकर मध्यप्रदेश के शहडोल जा रहे थे।
पुलिस की नाकेबंदी देखकर उन्होंने रास्ता बदलकर भागने का प्रयास किया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने गांजे की बोरियों समेत कार में आग लगाने की कोशिश की।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई…
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी शिवा सिंह की तलाश की जा रही है। पुलिस अब ओडिशा से मध्यप्रदेश तक गांजा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सप्लाई चैन की भी जांच कर रही है।


