Dhamtari: मंत्रालय में नौकरी और पारिजात भवन दिलाने का झांसा देकर 9 लाख से ज्यादा की ठगी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार…

Chhattisgarh धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का पारिजात भवन दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में धमतरी पुलिस ने महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर प्रार्थी से अलग-अलग माध्यमों से 9 लाख 8 हजार रुपये लेने का आरोप है।
मंत्रालय में नौकरी और सरकारी आवास का दिखाया सपना…
पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले के भानपुरी निवासी मनीष साहू (27) की फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से मुलाकात हुई थी। दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए प्रार्थी को सरकारी आवास दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपियों ने विश्वास में लेने के लिए प्रार्थी को मंत्रालय यानी महानदी भवन के बाहर भी ले गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन का आवंटन कराने की बात कही और इसकी कीमत करीब 14 लाख 12 हजार रुपये बताई।
बैंक खाते, UPI और नकद से ऐंठे 9.08 लाख…
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने प्रार्थी से अलग-अलग किश्तों में बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के जरिए कुल 9 लाख 8 हजार रुपये ले लिए। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए गए।
जब प्रार्थी को ठगी का एहसास हुआ और उसने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपियों की ओर से 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए गए, जबकि शेष रकम वापस नहीं की गई।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच…
मामले की शिकायत के आधार पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 185/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
धमतरी पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद दोनों को 20 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
