भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल: छत्तीसगढ़ में बदली जिम्मेदारियां, पवन साय की जगह कर्मवीर, जामवाल के स्थान पर शिवप्रकाश को कमान,देखे आदेश…

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई राज्यों में नई जिम्मेदारियां तय की हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्री (संगठन) के पदों पर नियुक्तियों की घोषणा की। नई व्यवस्था के तहत छत्तीसगढ़ संगठन में भी अहम बदलाव किया गया है।
पार्टी ने शिवप्रकाश को छत्तीसगढ़ समेत आंध्रप्रदेश, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और गोवा का राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया है। वहीं कर्मवीर को छत्तीसगढ़ का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।
वहीं छत्तीसगढ़ में संगठन की जिम्मेदारी संभाल रहे अजय जामवाल को महाराष्ट्र का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। इसी तरह छत्तीसगढ़ के प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा मधुकर को आंध्रप्रदेश एवं तेलंगाना, पवन राणा को दिल्ली एवं हरियाणा तथा चंद्रशेखर को मध्यप्रदेश का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। भाजपा की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
कर्मवीर का लंबा संगठनात्मक अनुभव
छत्तीसगढ़ की नई जिम्मेदारी संभालने वाले कर्मवीर का संगठन में लंबा अनुभव रहा है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से ताल्लुक रखने वाले कर्मवीर ने वर्ष 1993 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में अपनी संगठनात्मक यात्रा शुरू की थी।
उन्होंने तहसील और नगर प्रचारक के साथ-साथ फतेहपुर सीकरी, आगरा और अलीगढ़ महानगर में प्रचारक की जिम्मेदारी निभाई। इसके बाद मथुरा जिले के जिला प्रचारक रहे। आगे चलकर एटा, अलीगढ़ और बरेली विभाग में विभाग प्रचारक के रूप में भी काम किया।
वर्ष 2015 में उन्हें मेरठ प्रांत के सह प्रांत प्रचारक की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद 2019 में ब्रज प्रांत के सह प्रांत प्रचारक के रूप में कार्य किया। वर्ष 2020 से वे भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) के पद पर रहे।
अगस्त 2022 में कर्मवीर को झारखंड प्रदेश महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब पार्टी ने उन्हें छत्तीसगढ़ में संगठन की कमान दी है।






