छत्तीसगढ़

CG: महानदी में अचानक बहती आई शराब की बोतलें, पुल पर मची लूट की होड़, जान जोखिम में डालकर जुटे लोग, देखें वायरल VIDEO

अभनपुर। महानदी में आई बाढ़ के बीच सोमवारी बाजार पुल पर एक अलग ही नजारा देखने को मिला। धमतरी जिले की ओर से तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब पानी में बहकर गोबरा नवापारा की ओर पहुंचने की खबर फैलते ही पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

रायपुर और धमतरी जिले को जोड़ने वाले सोमवारी बाजार पुल पर लोग नदी के तेज बहाव के बीच शराब की बोतलों पर नजरें टिकाए रहे। कई लोग पानी में बहकर आ रही बोतलों को पकड़ने की कोशिश करते नजर आए। बाढ़ के बीच शराब की बोतलें पकड़ने के लिए लोगों की यह कवायद चर्चा का विषय बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि महानदी के तेज बहाव में प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर आ रही थी। जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, मौके पर भीड़ बढ़ती गई। कुछ लोग बांस में जाली लगाकर तो कुछ अन्य स्थानीय जुगाड़ के जरिए नदी के किनारे और पुल के आसपास बहकर आ रही बोतलों को निकालने की कोशिश करते दिखाई दिए। इस दौरान शराब की बोतलें पकड़ने की होड़ में लोग अपनी जान तक जोखिम में डालते नजर आए। महानदी का बहाव तेज होने के बावजूद मदिरा प्रेमी पुल के ऊपर चढ़कर बोतलें निकालने की कोशिश करते रहे।

बाढ़ के बीच इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। बाढ़ के कारण महानदी इस समय उफान पर है और पानी का बहाव काफी तेज है। इसके बावजूद शराब की बोतलें पकड़ने के लिए लोगों का नदी के बेहद करीब तक पहुंचना हादसे को न्योता दे रहा है। सोमवारी बाजार पुल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही और नदी में बहकर आ रही बोतलों को लेकर लोगों के बीच चर्चा होती रही। इधर महानदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन लगातार लोगों से नदी, पुल और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रहा है। बाढ़ की स्थिति में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

देखें वीडियो

Related Articles

Back to top button