CG- ग्वालियर से छत्तीसगढ़ प्रेमिका से मिलने आया युवक, पैसे खत्म होते ही बदल गया इरादा, फिर जो किया…सुनकर पुलिस भी रह गई दंग….

रायगढ़। प्रेमिका से मिलने ग्वालियर से रायगढ़ पहुंचे एक युवक के पैसे खत्म हुए तो उसने खर्च चलाने के लिए कथित तौर पर बाइक और स्कूटी चोरी करना शुरू कर दिया। शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान CCTV फुटेज से पुलिस को एक ही संदिग्ध युवक की गतिविधियां सामने आईं। 24 सितंबर को गौशाला के पास बाइक चोरी की कोशिश की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर पांच चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा करने का दावा किया है।
शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। अलग-अलग स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान पांचों चोरी की घटनाओं में एक ही संदिग्ध युवक की मौजूदगी सामने आई।
इसी बीच 24 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि गौशाला के पास एक युवक संदिग्ध हालत में बाइक चोरी करने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों को संदिग्ध युवक की तस्वीर दिखाई गई, जिन्होंने उसकी पहचान बाइक से छेड़छाड़ कर भागने वाले युवक के रूप में की।
इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने वायरलेस सेट के पास पुलिस कॉलोनी क्षेत्र में युवक का पीछा किया। युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने काफी दूर तक पीछा कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान निर्मल धाकड़ (28), निवासी मोरार, जिला ग्वालियर, मध्यप्रदेश के रूप में हुई।
12 सितंबर को आया था रायगढ़
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 12 सितंबर को ग्वालियर से रायगढ़ अपनी महिला मित्र से मिलने आया था। रायगढ़ पहुंचने के बाद उसके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए। इसके बाद खर्च चलाने के लिए उसने वाहन चोरी करना शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऐसी बाइक और स्कूटी को निशाना बनाता था, जिनमें चाबी लगी रहती थी। वाहन चोरी करने के बाद वह उससे घूमता था। पेट्रोल खत्म होने पर वाहन को किसी स्थान पर छोड़ देता और इसके बाद दूसरी बाइक या स्कूटी चोरी कर लेता था।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कोतवाली थाने में दर्ज वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा किया है। इनमें अपराध क्रमांक 527/2026, 532/2026, 535/2026, 538/2026 और 540/2026 शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी के पांच दुपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी निर्मल धाकड़ को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
एसएसपी ने वाहन मालिकों को किया अलर्ट
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने वाहन मालिकों से अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक गौशाला के पास बाइक चोरी करने का प्रयास कर रहा है। सूचना पर टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी निर्मल धाकड़ 12 सितंबर को ग्वालियर से अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने रायगढ़ आया था। यहां पहुंचने के बाद उसके पैसे खत्म हो गए। इसके बाद वह एक के बाद एक मोटरसाइकिल चोरी करने लगा। पेट्रोल खत्म होने पर वह चोरी की बाइक छोड़कर दूसरी मोटरसाइकिल चोरी कर लेता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के दुपहिया वाहन बरामद किए हैं।



