CG- प्रार्थना सभा को लेकर विवाद, हिंदू जागरण मंच और ईसाई समुदाय आमने-सामने; हाथापाई के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा….

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में धर्मांतरण को लेकर शहर का माहौल गरमा गया है। टिकरापारा में प्रार्थना सभा को लेकर हिंदू जागरण मंच और ईसाई समुदाय आमने सामने आ गई। देखते ही देखते बहस हाथापाई तक पहुंच गई और पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
पढ़िए पूरी खबर
यह पूरा मामला टिकरापारा मोहल्ला का है, जहां एक मकान के अंदर चंगाई सभा चल रही थी। आरोप है कि इस सभा में हिंदुओं को बहला फुसलाकर लाया जा रहा था। हिंदू जागरण मंच का दावा है कि कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में साफ सहमति बनी थी कि प्रार्थना सभा में वही गैर ईसाई शामिल होगा, जो कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगा, लेकिन आरोप है कि रविवार को नियम कायदों को ताक पर रखकर बेखौफ सभा लगाई गई। इसकी भनक लगते ही हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए।
हाथापाई तक जा पहुंची बहस
दूसरी तरफ ईसाई समाज के लोग और कन्वर्टेड ईसाई भी जुट गए। दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। प्रशासन को जैसे ही भनक लगी, तो उन्होंने प्रार्थना सभा में जाने वाले लोगों को NH-30 के पास ही रोक दिया। इसके बाद तो विवाद और बढ़ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा युवा मोर्चा के नेता और नगर निगम के महापौर खुद मौके पर पहुंचे। साथ ही SDM तहसीलदार सहित भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
हिंदू जागरण मंच को भाजपा का समर्थन
भाजपा ने हिंदू जागरण मंच का खुला समर्थन किया है। भाजपा का कहना है कि प्रार्थना सभा की आड़ में धर्मांतरण का खेल चल रहा है। इस पर एक्शन लिया जाएगा। वहीं महापौर ने इसे चिंता का विषय बताते हुए बैठक कर मामला शांत करने की बात कही है।
प्रशासन ने दोनों पक्षों से की अपील
दूसरी तरफ ईसाई समाज के प्रमुखों का तर्क है कि प्रार्थना सभा में आने पर कोई रोक नहीं है कोई भी आ सकता है। फिलहाल प्रशासन ने दोनों पक्षों के साथ बैठक कर शांति बनाए रखने की अपील की है।
खड़े हुए कई सवाल
सवाल ये है कि क्या कलेक्ट्रेट में बनी सहमति का उल्लंघन हुआ ? क्या आस्था के नाम पर धर्मांतरण का खेल चल रहा है ? धमतरी में इस मुद्दे पर सियासत भी अब गरमाने लगी है।



