छत्तीसगढ़

CG – मस्तूरी से सोनसरी तक नहर पटरी पर पक्की सड़क की मांग: जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने उप मुख्यमंत्री को लिखा पत्र पढ़े पुरी ख़बर

बिलासपुर//मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के लाखों लोगों की सुविधा के लिए जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने शासन से बड़ी मांग की है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखकर मस्तूरी से सोनसरी तक मुख्य नहर की पटरी (सर्विस बैंक) पर पक्की/डामरीकृत सड़क निर्माण की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति देने की मांग की है।

दिनांक 28/09/26 को क्रमांक 83 से प्रेषित इस पत्र में दामोदर कांत ने बताया है कि मस्तूरी से सोनसरी तक मुख्य नहर प्रवाहित होती है। वर्तमान में इस नहर की पटरी (सर्विस रोड) कच्ची अवस्था में है, जिसके कारण क्षेत्रवासी, किसानों एवं आम नागरिकों को आवागमन में निरंतर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि मस्तूरी से सोनसरी तक इस नहर पटरी पर पक्की/डामरीकृत सड़क का निर्माण करा दिया जाता है, तो यह संपूर्ण क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधा के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।

सड़क बनने से होंगे ये 5 बड़े फायदे…

1. सुगम ग्रामीण आवागमन एवं वैकल्पिक मार्ग:यह मार्ग मस्तूरी और सोनसरी के बीच एक सीधा और सुरक्षित बाईपास संपर्क मार्ग बनेगा, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा तथा दैनिक यात्रियों एवं स्कूली बच्चों को सुगम आवागमन मिलेगा।

2. किसानों को कृषि उपज परिवहन में राहत: क्षेत्र के किसानों को अपनी धान, दलहन एवं सब्जी जैसी फसलों को निकटवर्ती मंडियों व बाजारों तक ले जाने में सुविधा होगी, जिससे समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी।

3. आपातकालीन सेवाओं की त्वरित पहुंच:पक्की सड़क बनने से 108 एंबुलेंस, डायल 112 एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की पहुंच गांवों तक सुलभ व बाधा रहित हो सकेगी।

4. क्षेत्रीय व्यापार एवं समग्र विकास को गति: बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

5. भूमि अधिग्रहण की बाधा नहीं: चूंकि यह मार्ग नहर के किनारे पहले से उपलब्ध भूमि पर ही स्थित है, अतः इसमें भूमि अधिग्रहण जैसी कोई बाधा नहीं है। यदि इस सड़क के निर्माण का दायित्व जल संसाधन विभाग को सौंपा जाता है, तो नहर की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए यह कार्य सरलता एवं शीघ्रता से पूर्ण किया जा सकेगा।

जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत ने आग्रह किया है कि क्षेत्र के लाखों ग्रामीणों व आम जनमानस की सुविधा एवं विकास को ध्यान में रखते हुए इस सड़क निर्माण को स्वीकृति प्रदान की जाए। क्षेत्र की समस्त जनता इस जनकल्याणकारी निर्णय हेतु सदैव आभारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button