अन्य ख़बरें

CG: NH-30 पर मौत का सफर! डेड बॉडी लेकर लौट रही एंबुलेंस ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी, नर्स की गई जान..

Chhattisgarh धमतरी। नेशनल हाईवे-30 पर संबलपुर के पास गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जगदलपुर लौट रही एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और इसके बाद सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा भिड़ी। हादसे में एंबुलेंस में सवार महारानी अस्पताल की नर्स शबनम खान (35) की मौत हो गई। वहीं मृतक के परिजनों समेत तीन लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, जगदलपुर के कंगोली डोंगरीपारा निवासी राजेंद्र खत्री (72) को इलाज के लिए डिमरापाल के निजी अस्पताल से रायपुर के एसएमसी अस्पताल ले जाया गया था। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद एंबुलेंस से राजेंद्र खत्री का शव और उनके परिजन जगदलपुर लौट रहे थे।

एंबुलेंस में राजेंद्र खत्री के पुत्र देवेंद्र खत्री, पत्नी उषा खत्री और बेटी मीनाक्षी घई भी सवार थीं। संबलपुर के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। एंबुलेंस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ गई। टक्कर में नर्स शबनम खान गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौत हो गई। तीनों परिजनों को भी चोटें आईं, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

रात 9 बजे निकले थे, सुबह हादसा….

मां दंतेश्वरी एंबुलेंस के चालक अतुल बघेल, निवासी लोहंडीगुड़ा, बस्तर के अनुसार, वे बुधवार रात करीब 9 बजे एंबुलेंस क्रमांक CG04 NE 3598 से डिमरापाल से रायपुर के लिए रवाना हुए थे। तड़के करीब 3 बजे एसएमसी अस्पताल पहुंचे, जहां राजेंद्र खत्री को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे वे शव और परिजनों को लेकर जगदलपुर के लिए रवाना हुए। करीब दो घंटे बाद संबलपुर के पास हादसा हो गया। प्रारंभिक जानकारी में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है।

हादसे के बाद नर्स शबनम खान के शव को वरदान एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button