छत्तीसगढ़

CG- ठगी का नया खेल! ऑनलाइन ट्रेडिंग में कमाई का झांसा देकर दो महिलाओं को लगाया लाखों का चूना, ऐसे बिछाया था जाल…..

राजनांदगांव/डोंगरगढ़। ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में डोंगरगढ़ पुलिस ने कैलाश सेठी को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपी ने कुल 82.50 लाख रुपये प्राप्त किए, जिसमें करीब 45.80 लाख रुपये वापस किए गए, जबकि 36.70 लाख रुपये वापस नहीं किए गए।

पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 413/2026 और 414/2026 दर्ज कर धारा 318(4), 238 BNS के तहत जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी कैलाश सेठी (37), निवासी दुर्ग, ने अपनी ‘प्योर ट्रेडिंग’ नामक कंपनी में पैसा निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया था। आरोपी ने दोनों प्रार्थियाओं से ऑनलाइन माध्यम के साथ-साथ नगद राशि भी प्राप्त की।

पहले मामले में डोंगरगढ़ के वार्ड नंबर 21, रेस्ट हाउस निवासी प्रतिमा पाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार आरोपी ने 30 मई 2023 से 4 मई 2025 के बीच निवेश के नाम पर उनसे कुल 27.50 लाख रुपये लिए।

पुलिस के अनुसार इसमें से करीब 19 लाख रुपये वापस किए गए, जबकि 8.50 लाख रुपये अब तक वापस नहीं किए गए। बार-बार रकम वापस मांगने के बावजूद राशि नहीं लौटाने पर प्रतिमा पाल की शिकायत पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 413/2026 दर्ज किया गया।

दूसरे मामले में डोंगरगढ़ के न्यू सब्जी मंडी क्षेत्र निवासी नमिता चौबे ने शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने 7 फरवरी 2023 से 7 मई 2025 के बीच उनसे कुल 55 लाख रुपये निवेश के नाम पर लिए।

इसमें से करीब 26.80 लाख रुपये वापस किए गए, जबकि 28.20 लाख रुपये वापस नहीं किए गए। लगातार राशि वापस मांगने के बावजूद रकम नहीं लौटाने पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 414/2026 दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक दोनों मामलों को मिलाकर आरोपी ने कुल 82.50 लाख रुपये प्राप्त किए। इसमें से करीब 45.80 लाख रुपये वापस किए गए, जबकि 36.70 लाख रुपये की राशि वापस नहीं की गई।

विवरण राशि
कुल प्राप्त राशि ₹82.50 लाख
वापस की गई राशि ₹45.80 लाख
वापस नहीं की गई राशि ₹36.70 लाख

पुलिस ने साक्ष्य मिलने के बाद की गिरफ्तारी

दोनों मामलों की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में जांच की गई।

थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल के नेतृत्व में विवेचना के दौरान आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश पर अधिक लाभ का प्रलोभन देकर धोखाधड़ी करने के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 1 अक्टूबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

कार्रवाई में सउनि धन्ना सिन्हा, आरक्षक अरुण मनहर, आरक्षक तिलक कंवर और महिला आरक्षक सुषमा मराठे का योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button