छत्तीसगढ़

CG : किन्नर और पिता-पुत्र के बीच खूनी झड़प, चाकूबाजी में कई घायल, बीच सड़क पर मची अफरा-तफरी…..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के दीपका में कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। यहां किन्नर समाज के लोगों और पिता-पुत्र के बीच जमकर मारपीट हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच चाकूबाजी शुरू हो गई। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बीच सड़क हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत एक कमेंट को लेकर हुई थी, जिसने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। सरेआम हुए इस विवाद से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मामला दीपका थाना क्षेत्र के दीपका चौक का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक किन्नर समाज के कुछ लोग ढोलक बजाते हुए दुकानों में बधाई मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान चौक स्थित संजय पान पैलेस के पास किसी कमेंट को लेकर उनके और वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी हो गई।

शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान चाकू और डंडे से हमला किए जाने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि इस दौरान पंकज सिंह पर चाकू और डंडे से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।

बताया गया कि पिता के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद उनका बेटा प्रतीक सिंह मौके पर पहुंचा। इसके बाद उसके साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।

घटना के दौरान दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। सरेआम हुई मारपीट और चाकूबाजी से दीपका चौक पर कुछ समय के लिए तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई, किस पक्ष की ओर से पहले हमला किया गया और चाकूबाजी में कितने लोग घायल हुए, इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ और उपलब्ध वीडियो समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Back to top button