CG: अछोटा पुल से 50 फीट नीचे महानदी में गिरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, ड्राइवर और हेल्पर ने कूदकर बचाई जान..!

Chhattisgarh धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अर्जुनी थाना क्षेत्र में महानदी पर बने अछोटा पुल से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली करीब 50 फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर के कई हिस्से टूटकर बिखर गए और ट्रॉली के पिछले हिस्से के दोनों पहिए भी अलग हो गए। गनीमत रही कि चालक और हेल्पर ने ट्रैक्टर के नीचे गिरने से पहले ही छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान बच गई। हालांकि, दोनों को चोटें आई हैं।
बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हादसा
जानकारी के मुताबिक, खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली धमतरी से अछोटा की ओर जा रही थी। इसी दौरान अछोटा पुल के बीच अचानक सामने एक बाइक आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल की रेलिंग की ओर बढ़ते हुए सीधे महानदी में जा गिरी। करीब 50 फीट नीचे गिरने के बाद ट्रैक्टर नदी किनारे रेत में धंस गया।
ड्राइवर और हेल्पर अस्पताल में भर्ती
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं, वरदान एंबुलेंस की मदद से घायल चालक और हेल्पर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
ट्रैक्टर चालक अनोद कुमार ध्रुव के मुताबिक, ट्रैक्टर को मरम्मत के लिए दिया गया था। मरम्मत के बाद वे उसे वापस अछोटा ले जा रहे थे। इसी दौरान पुल पर अचानक बाइक सामने आने से वाहन अनियंत्रित हो गया। उन्होंने और हेल्पर ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई।
वरदान एंबुलेंस के संचालक शिवा प्रधान ने बताया कि सूचना मिलने पर उनकी टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अर्जुनी पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।