CG- नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रेलर के केबिन में लगी भीषण आग, लपटें देख मची अफरा-तफरी; चालक बाल-बाल बचा…

महासमुंद। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ज्ञानी ढाबा के पास खड़े एक ट्रेलर में भीषण आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, घटना के समय ट्रेलर चालक ढाबे पर खाना खाने गया था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक NL01AB 0769 लोहे का सामान लेकर नागपुर से कोलकाता जा रहा था। चालक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ज्ञानी ढाबा के पास वाहन खड़ा किया और खाना खाने के लिए ढाबे में चला गया। इसी दौरान अचानक ट्रेलर के केबिन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने ट्रेलर के केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही महासमुंद से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर तुमगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।



