CG ब्रेकिंग : नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद कांकेर में बड़ी वारदात, लौह खदान की 3 मशीनें फूंकीं, लाल सलाम लिखे मिले पर्चे…..

भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ को 31 मार्च 2026 को ‘नक्सल मुक्त’ घोषित किए जाने के बाद कांकेर जिले में आगजनी की बड़ी घटना सामने आई है। लोहत्तर थाना क्षेत्र के ग्राम चेमल स्थित पुष्प स्टील लिमिटेड की लौह अयस्क खदान में खड़ी मशीनों को अज्ञात लोगों ने आग के हवाले कर दिया।
इस घटना में तीन पोकलेन मशीनें जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर तलाशी के दौरान दो पर्चे भी बरामद हुए हैं। इनमें खदान का नियमित संचालन करने और एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी करने की बात लिखी गई है। पर्चों पर ‘लाल सलाम’ भी लिखा हुआ है।
हालांकि, पुलिस ने फिलहाल घटना को नक्सली वारदात होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगजनी के पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बीती शाम खदान में काम खत्म होने के बाद सभी मजदूर अपने-अपने स्थान और कैंप में लौट गए थे। आज सुबह जब मजदूर दोबारा काम पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि खदान में खड़ी मशीनों में आग लगी हुई थी। आग की चपेट में आने से तीन पोकलेन मशीनें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं।
इसके बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद लोहत्तर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए SDOP शेर बहादुर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आग लगने की वजह और घटना में शामिल लोगों के बारे में सुराग तलाश रही है। पुलिस आसपास के इलाके की भी जांच कर रही है।
‘लाल सलाम’ लिखे मिले दो पर्चे
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे महत्वपूर्ण बात घटनास्थल से मिले दो पर्चे हैं। बताया जा रहा है कि पर्चों में खदान को नियमित रूप से संचालित करने और एक सप्ताह के भीतर मांगें मानने की बात लिखी गई है। साथ ही पर्चों पर ‘लाल सलाम’ लिखा हुआ है।
पर्चों की भाषा और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए वारदात को नक्सली गतिविधि से जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इन पर्चों के पीछे वास्तव में नक्सलियों का हाथ है या किसी अन्य व्यक्ति अथवा समूह ने नक्सली संगठन के नाम और अंदाज का इस्तेमाल कर घटना को अंजाम दिया है। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।



