CG- बच्चा चोर: दर्द में तड़पती रही गर्भवती, दो महिलाओं ने पिलाई दवा… आंख खुली तो बच्चा गायब, गांव में मचा हड़कंप……

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। घर में अकेली गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इस दौरान मदद के लिए पहुंची दो महिलाओं ने कथित तौर पर उसे दवा पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई।
महिला के परिजनों के मुताबिक, बेहोशी की हालत में ही दोनों महिलाओं ने उसका प्रसव कराया। कुछ देर बाद जब गर्भवती को होश आया तो उसके पास नवजात बच्चा नहीं था। यह देखकर परिवार में हड़कंप मच गया और गांव में भी मामले की चर्चा शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात आखिर कहां गया और घटना के पीछे की पूरी सच्चाई क्या है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय गर्भवती महिला घर में बिल्कुल अकेली थी। अचानक प्रसव पीड़ा होने पर महिला की आवाज सुनकर दो महिलाएं उसके घर पहुंचीं। परिजनों के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने महिला को कोई दवाई पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इसी दौरान उसका प्रसव कराया गया। महिला को जब होश आया तो वह घर में अकेली थी और नवजात बच्चा वहां मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। महिला के पति उस समय बकरी चराने के लिए बाहर गए हुए थे, जबकि सास-ससुर और देवर पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने दूसरे गांव गए थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
नवजात आखिर कहां गया, प्रसव कराने पहुंची दोनों महिलाओं की भूमिका क्या है और महिला को कौन सी दवा पिलाई गई। इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस तलाश रही है।
फिलहाल नवजात के लापता होने की घटना को लेकर गांव में डर और दहशत का माहौल है। वहीं ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।



