CG BREAKING: धमतरी में प्रशासनिक फेरबदल, मनोज कुमार मरकाम होंगे नगरी SDM, विमल कुमार साहू को जनपद पंचायत CEO की जिम्मेदारी, देखिए ट्रांसफर आदेश…!

धमतरी। जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाने और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने अधिकारियों के बीच कार्य विभाजन में बदलाव किया है। 8 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के तहत जिला प्रशासन और आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।
डिप्टी कलेक्टरों को मिली नई जिम्मेदारियां….
जारी आदेश के अनुसार, डिप्टी कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव को धमतरी अनुविभाग के राजस्व एवं दंडाधिकारी का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है। इसके साथ ही उन्हें जिला सत्कार अधिकारी, अनुविभागीय क्षेत्र के लिए भू-अर्जन अधिकारी तथा जिला खनिज न्यास निधि (DMF) एवं सीएसआर से संबंधित नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार मरकाम को नगरी अनुविभाग के राजस्व एवं दंडाधिकारी का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है। उन्हें भू-अर्जन अधिकारी, मंडी नगरी तथा अनुविभागीय क्षेत्र के लिए लोक न्यास पंजीयक की जिम्मेदारी भी दी गई है।
संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम को अहम दायित्व….
संयुक्त कलेक्टर प्रीति दुर्गम को वित्त एवं स्थापना शाखा सहित विभिन्न विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें आदिम जाति कल्याण, खनिज शाखा, लोक निर्माण विभाग (PWD), पर्यटन, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग से संबंधित कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा उन्हें मुख्यमंत्री अधोसंरचना संधारण एवं उन्नयन, मुख्यमंत्री घोषणा, कौशल विकास, JSA, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी दी गई है। वे शासन एवं जिला स्तर पर आयोजित होने वाली बैठकों की तैयारी, ई-गवर्नेंस कार्यक्रमों, जिला योजना एवं सांख्यिकी सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों का भी समन्वय करेंगी।
आदिवासी विकास विभाग में भी कार्य विभाजन..कलेक्टर द्वारा जारी दूसरे आदेश में आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है।
सहायक आयुक्त विमल कुमार साहू को आदिवासी विकास विभाग धमतरी के संपूर्ण प्रभार के साथ जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं, जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नारद राम मांझी को जनमन एवं धरती आबा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और संचालन के लिए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास धमतरी कार्यालय में संलग्न किया गया है।

कलेक्टर अविनाश मिश्रा द्वारा जारी दोनों आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि नवीन कार्य विभाजन तत्काल प्रभावशील होगा। प्रशासनिक स्तर पर किए गए इन बदलावों का उद्देश्य विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित करना और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।


