छत्तीसगढ़

CG- शिक्षा के मंदिर में मारपीट : क्लासरूम में छात्रा को शिक्षक ने जड़े ताबड़तोड़ थप्पड़, गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने उठाया बड़ा कदम…

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से स्कूल में छात्रा के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम भेंडरी स्थित प्राथमिक शाला में गणित के सवाल का जवाब नहीं दे पाने पर शिक्षक द्वारा छात्रा को थप्पड़ मारने का आरोप है। घटना के बाद से बच्ची बुरी तरह डरी-सहमी हुई है। उसकी हालत ऐसी है कि वह ठीक से खाना-पीना नहीं कर पा रही है और रात में सोने में भी परेशानी हो रही है।

इस घटना ने स्कूलों में बच्चों के साथ होने वाले व्यवहार और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पढ़ाई के दौरान गलती होने पर बच्चों को समझाने के बजाय उनके साथ मारपीट किए जाने के आरोप ने एक बार फिर स्कूलों में अनुशासन के नाम पर अपनाए जाने वाले तरीकों पर चिंता बढ़ा दी है।

दरअसल, प्राथमिक शाला भेंडरी में कक्षा तीसरी की पढ़ाई के दौरान शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों से गणित के सवाल का जवाब पूछा। इस दौरान आठ वर्षीय छात्रा साधना जवाब नहीं दे पाई। आरोप है कि इससे नाराज होकर शिक्षक ने बच्ची के गाल पर थप्पड़ मार दिए। स्कूल से घर लौटने पर परिजनों ने बच्ची के चेहरे पर लाल निशान देखे। पूछताछ करने पर छात्रा ने उन्हें पूरी घटना बताई। बच्ची के अनुसार, शिक्षक ने उसके गाल के नीचे कान के पास कई थप्पड़ मारे थे।

परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से बच्ची बुरी तरह भयभीत है। वह ठीक से खाना-पीना नहीं कर रही है और रात में सोने में भी परेशानी हो रही है। इस घटना के सामने आने के बाद पालकों और ग्रामीणों में नाराजगी है। मामले ने स्कूलों में बच्चों के साथ होने वाले व्यवहार और शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले में शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने गुस्से में बच्ची को थप्पड़ मारने की बात स्वीकार करते हुए अपनी गलती मानी है। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटना नहीं दोहराने का आश्वासन दिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया है। जांच दल को तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पीड़ित छात्रा के पिता वेदव्यास ने बताया कि घटना के बाद से उनकी बेटी काफी भयभीत है। वह ठीक से खाना-पीना नहीं कर रही और डर के कारण सो भी नहीं पा रही है। पिता ने संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए।

शिक्षक ने मानी गलती

मामले को लेकर शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने स्वीकारते हुए कहा कि उन्होंने छात्रा से गणित का एक सवाल पूछा था, जिसका जवाब वह नहीं दे पा रही थी। बार-बार समझाने के बाद भी जब बच्ची जवाब नहीं दे पाई तो उन्होंने गुस्से में उसे एक-दो थप्पड़ मार दिए। शिक्षक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उनसे गलती हुई है। इसके लिए वह माफी मांगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में मेरे द्वारा ऐसा दोबारा कभी नहीं होगा।

Related Articles

Back to top button