CG- डबल मर्डर : एक घर में बिछ गईं दो लाशें! मां-बेटे की बेरहमी से हत्या, बेटी गंभीर रूप से घायल, इलाके में मचा हड़कंप……

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक ही परिवार के दो सदस्यों की हत्या से सनसनी फैल गई है। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में घर के भीतर मां और बेटे की हत्या कर दी गई, बेटी गंभीर रूप से घायल बेटी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घर में घुसकर की गई मां-बेटे की हत्या, बेटी गंभीर
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका कमला सोनकर और उनके बेटे पर घर में घुसे आरोपी ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। वहीं परिवार की बेटी ममता सोनकर भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कमला सोनकर का पति घर से बाहर था। इसी बीच घर में यह वारदात हुई। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी में इस वारदात के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने का संदेह परिवार के ही एक रिश्तेदार पर है। हालांकि, आरोपी की भूमिका और हत्या के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
वारदात के पीछे की वजह और घटना की परिस्थितियों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस की टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है।



