CG- सड़क किनारे मिली युवक की लाश, शरीर पर मिले गहरे चोट के निशान, जताई जा रही ये आशंका…. जांच में जुटी पुलिस

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा-सूरजपुर सीमा पर महावीरपुर में सड़क किनारे एक युवक का शव मिला है। हत्या कर शव सड़क किनारे फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पुलिस ने विश्रामपुर रीजनल हॉस्पिटल के मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। मामला जयनगर थाना क्षेत्र का है।
महावीरपुर काली घाट के पास नेशनल हाइवे से होकर निकलने वाली कच्ची सड़क किनारे लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर जयनगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुुंचे। अंबिकापुर के फॉरेंसिक एक्टसपर्ट की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया गया।
शरीर पर गहरे चोट के निशान
पुलिस और फॉरेंसिक टीम के अनुसार युवक के सिर, सीने और चेहरे में गहरे चोट के निशान हैं। जहां शव मिला है, वहां ज्यादा खून फैला हुआ नहीं मिला। इससे आशंका है कि हत्या कहीं और की गई है और शव को गाड़ी से लाकर सड़क किनारे फेंक दिया गया है।
आरोपियों ने शव फेंकने के लिए सुनसान इलाके को चुना। जहां डेड बॉडी मिली है, वह मुख्य मार्ग से करीब 100 मीटर अंदर है। यहां रात को आवागमन सामान्यतः नहीं होता है। सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने शव पड़ा देखा और सूचना पुलिस को दी।
पुलिस को युवक के पास मोबाइल फोन, पर्स या कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। युवक की उम्र 22 से 25 साल के बीच बताई जा रही है।
पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को विश्रामपुर रीजनल हॉस्पिटल के मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। जयनगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने बताया कि मृतक के शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। शिनाख्त के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।



