CG – मल्हार स्कूल मामले में बड़ी कार्रवाई: प्राचार्य सहित 3 शिक्षक हटाए गए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर जांच में दुर्व्यवहार और गंभीर अनियमितताओं की पुष्टि पढ़े पूरी ख़बर
बिलासपुर//शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मल्हार में छात्र-छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार और स्कूल की व्यवस्थाओं में अनियमितताओं की शिकायत पर बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सख्त एक्शन लिया है।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला, व्याख्याता श्रीमती रश्मि गुप्ता और व्याख्याता संजय दुबे को विद्यालय से हटाकर अन्य संस्थाओं में पदस्थ किया गया है।
कलेक्टर ने 30 सितंबर को बनाई थी 3 सदस्यीय जांच टीम…
मामले की पृष्ठभूमि में स्कूल की प्रशासनिक व्यवस्था, छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार और शैक्षणिक वातावरण से संबंधित शिकायतें जनप्रतिनिधियों और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त हुई थीं। इसके बाद 1 अक्टूबर को बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं 40 किमी दूर से सीधे कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर से शिकायत की थी।
छात्राओं ने आरोप लगाया था कि प्राचार्य गाली-गलौज करते हैं, शुल्क के नाम पर प्रति विद्यार्थी 500 रुपए अतिरिक्त वसूली करते हैं, और फ्री के सेनेटरी पैड को चपरासी के माध्यम से बाजार में बिकवाया जाता है और छात्राओं से पैसे मांगे जाते हैं। व्याख्याता रश्मि गुप्ता पर तो 10वीं की छात्राओं से उत्तर-पुस्तिकाएं जंचवाने और भृत्य से अध्यापन कराने* तक का आरोप था, जिसका एक ऑडियो भी वायरल हुआ था।
इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने 30 सितंबर को तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया। दल ने विद्यार्थियों और कर्मचारियों के बयान लेकर 7 अक्टूबर को रिपोर्ट सौंपी जिसमें सभी आरोपों की पुष्टि हुई।
किसे कहां भेजा गया?*
कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने 9 अक्टूबर को आदेश जारी किया:
1. प्राचार्य वेद प्रकाश शुक्ला – शासकीय हाई स्कूल कुकुर्दीकेरा, मस्तूरी ब्लॉक।
2. व्याख्याता श्रीमती रश्मि गुप्ता – शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़ी।
3. व्याख्याता संजय दुबे – शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ओखर।
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था विद्यार्थियों की सुरक्षा, विद्यालय के सुचारु संचालन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के उद्देश्य से की गई है। राज्य शासन से स्थानांतरण आदेश आने तक यह आदेश प्रभावी रहेगा।

