छत्तीसगढ़

मीडिया प्रतिनिधियों के बूट कैंप का सफल आयोजन,

बाल गैर-संचारी रोगों पर जागरूकता बढ़ाने और डेटा आधारित पत्रकारिता को दिया गया बढ़ावा

मीडिया प्रतिनिधियों के बूट कैंप का सफल आयोजन,

बाल गैर-संचारी रोगों पर जागरूकता बढ़ाने और डेटा आधारित पत्रकारिता को दिया गया बढ़ावा

रायपुर, यूनिसेफ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 9 एवं 10 अक्टूबर 2026 को रिवेरा रिसॉर्ट, दुर्ग में मीडिया प्रतिनिधियों के लिए दो दिवसीय राज्य स्तरीय बूट कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस बूट कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों में होने वाले गैर-संचारी रोगों के प्रति मीडिया प्रतिनिधियों को जागरूक करना तथा इन विषयों पर तथ्यपरक एवं डेटा आधारित पत्रकारिता को प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में यूनिसेफ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह तथा दिल्ली से आयी स्वतंत्र संचार अधिकारी सुरभि शुक्ला ने अपने विचार साझा किए। दोनों विशेषज्ञों ने बच्चों में होने वाले गैर-संचारी रोगों के विभिन्न पहलुओं, उनकी समय पर पहचान, उपचार, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता तथा जनजागरूकता में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पत्रकारों को विश्वसनीय आंकड़ों, प्रमाणिक तथ्यों और शोध आधारित जानकारियों के माध्यम से समाचार प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।

बूट कैंप के दौरान बच्चों में होने वाले प्रमुख गैर-संचारी रोगों, विशेष रूप से सिकल सेल एनीमिया, टाइप-1 डायबिटीज (बाल मधुमेह) तथा जन्मजात हृदय विकारों पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने इन बीमारियों से प्रभावित बच्चों एवं उनके परिवारों के सामने आने वाली चुनौतियों, समय पर जांच और उपचार की आवश्यकता तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही, इन बीमारियों से संबंधित मिथकों को दूर करने और समाज में सही जानकारी प्रसारित करने में पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में राज्य स्तर के वरिष्ठ और प्रतिष्ठित लगभग ४० पत्रकारों के साथ दुर्ग संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए मीडिया प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। राजनांदगांव जिले के साथ मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी एवं खैरागढ़-छुईखदान-गंडई क्षेत्र के पत्रकार भी इस बूट कैंप में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने बच्चों में होने वाले गैर-संचारी रोगों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की तथा अपने समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं अन्य संचार माध्यमों के जरिए समाज में जागरूकता फैलाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस बूट कैंप में स्वास्थ्य विशेषज्ञों, रायपुर से आए विशेष वरिष्ठ पत्रकार श्री गांधी जी, संचालक साधना न्यूज ने उपस्थित पत्रकारों को उद्बोधित किया। डॉ डी श्याम कुमार, कार्यक्रम संचालक एमसीसीआर ट्रस्ट ने कार्यक्रम की शुरुआत की और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच संवाद एवं अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि बच्चों में होने वाले गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, समय पर पहचान, उचित उपचार और प्रभावित बच्चों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

यूनिसेफ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट की यह संयुक्त पहल बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने तथा जिम्मेदार, संवेदनशील और डेटा आधारित पत्रकारिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।

Related Articles

Back to top button