अन्य ख़बरें

धमतरी में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, ₹1.20 लाख के पटाखे जब्त; आरोपी पर केस दर्ज..!

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में त्योहारी सीजन के बीच अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रुद्री थाना क्षेत्र के ग्राम भटगांव में पुलिस ने बिना वैध अनुज्ञप्ति के भंडारित पटाखों का जखीरा बरामद करते हुए करीब 1 लाख 20 हजार रुपये के पटाखे जब्त किए हैं। मामले में 20 वर्षीय आरोपी शुभम देवांगन के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान रुद्री पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भटगांव स्थित एक नवनिर्मित मकान में बिना वैध अनुज्ञप्ति के बड़ी मात्रा में पटाखे जमा कर उनकी बिक्री की तैयारी की जा रही है।

सूचना मिलते ही रुद्री पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से कुल 10 खाची और एक कार्टून पटाखे जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 1.20 लाख रुपये बताई गई है।

आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज

इस मामले में पुलिस ने शुभम देवांगन, पिता स्वर्गीय तरुण देवांगन, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम भटगांव, थाना रुद्री, जिला धमतरी के विरुद्ध थाना रुद्री में अपराध क्रमांक 39/26 के तहत विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख) में अपराध पंजीबद्ध किया है। प्रकरण को विवेचना में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने व्यापारियों और नागरिकों से की अपील

धमतरी पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि पटाखों का भंडारण एवं बिक्री केवल वैध अनुज्ञप्ति और निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। बिना अनुमति पटाखे जमा करना या बेचना गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। पुलिस ने लोगों से अवैध पटाखों के भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

धमतरी पुलिस का संदेश: आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।

Related Articles

Back to top button