अन्य ख़बरें

धमतरी में सेवा संकल्प अभियान से दिव्यांगजनों को मिली नई उम्मीद, निःशुल्क बांटे गए कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण…

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में धमतरी के इंडोर स्टेडियम में दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इस पहल से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करने और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने में मदद मिलेगी।

इस कार्यक्रम में एनएसई फाउंडेशन के सहयोग से जयपुर की श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति द्वारा जरूरतमंद दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। अभियान का उद्देश्य दिव्यांगजनों को अधिक सुविधाजनक जीवन प्रदान करने के साथ उनकी आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है।

सहयोगी संस्थाओं का किया गया सम्मान…

मंगलवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा ने संस्था के प्रमुख श्री एन.बी. व्यास को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक श्रीमती मनीषा पांडेय ने श्री नाहटा को स्मृति चिन्ह प्रदान किया।

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम पहल…

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री जयंत नाहटा ने एनएसई फाउंडेशन और श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराना उन्हें आत्मनिर्भर, सशक्त और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है और उन्हें दैनिक जीवन की चुनौतियों का सामना करने में सहायता मिलती है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहयोग प्रदान करना सामाजिक सहभागिता और संवेदनशील प्रशासन की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

नया भारत लाइव | धमतरी

Related Articles

Back to top button