अन्य ख़बरें

धमतरी में गणेश विसर्जन के दौरान बवाल! तलवार-हॉकी स्टिक से हमला, धुमाल पार्टी में तोड़फोड़; 3 आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के धमतरी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान धुमाल पार्टी से विवाद, मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, धुमाल बजाने को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने कथित तौर पर तलवार, बेसबॉल स्टिक और हॉकी स्टिक का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

धुमाल बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद…

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सांकरा, नगरी की ‘रूद्राक्ष धुमाल पार्टी’ के संचालक और उनके साथी बांसपारा धमतरी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बाजा बजा रहे थे। इसी दौरान मराठा पारा स्थित मंगल भवन के पास पहुंचे कुछ लोगों ने अपनी मर्जी के मुताबिक धुमाल बजाने का दबाव बनाया। मना करने पर विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि रामबाग के पास आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और तलवार, बेसबॉल स्टिक तथा हॉकी स्टिक से धुमाल पार्टी के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान बाजा और वाहन में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है।

एसपी के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली धमतरी में अपराध क्रमांक 232/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 115(2), 351(2), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम….

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रितेश पेंदरिया उर्फ रितू (20 वर्ष), निवासी मराठा पारा, धमतरी; जतीश साहू उर्फ डुई (19 वर्ष), निवासी बांसपारा, धमतरी; और अमरचंद पटेल उर्फ छोटू (26 वर्ष), निवासी महंत घासीदास वार्ड, आमापारा, धमतरी शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बेसबॉल स्टिक, एक धारदार तलवार और एक हॉकी स्टिक जब्त की है। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

फरार आरोपियों की तलाश जारी…

धमतरी पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने, मारपीट करने या हथियारों से दहशत फैलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की है।

नया भारत लाइव | धमतरी

Related Articles

Back to top button