CG-10 माह के बच्चे का सौदा, पश्चिम बंगाल से आया था खरीदार, पुलिस ने रेड मरकर पांच को किया गिरफ्तार…..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 10 माह के मासूम की खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। कुनकुरी थाना क्षेत्र में एक महिला पर अपने ही बच्चे को बिचौलिए के जरिए पश्चिम बंगाल की निवासी महिला को 1 लाख 80 हजार रुपये में बेचने का आरोप है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और बच्चे की तलाश में पश्चिम बंगाल पहुंच गई।
कुनकुरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बच्चे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक प्रार्थिया लक्ष्मी बाई निवासी ब्लॉक कॉलोनी कुनकुरी जिला जशपुर ने थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थिया के पुत्र शंकर चौहान को उसके पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त हुई थी। शंकर चौहान, यशोदा यादव के साथ रहता था। यशोदा यादव ने 18 दिसम्बर 2025 को एक बच्चे को जन्म दिया था, जिसे मार्च 2026 में बेच दिया।
1.80 लाख में बच्चे का सौदा
जाँच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश करते हुए पश्चिम बंगाल निवासी सुकरू आलम उर्फ बंगाली 43 वर्ष को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बाल खरीदने का काम करता था। इसी दौरान कुनकुरी में उसकी पहचान यशोदा यादव से हुई थी। आरोपी सकरु आलम ने पूछताछ में बताया कि उसके द्वारा ही बच्चे को पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन के पास पहुंचाया गया था।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह के द्वारा विशेष पुलिस टीम गठित कर पश्चिम बंगाल भेजी गई। जहां शेख अलविन 52 वर्ष को पकड़कर पूछताछ की गई। आरोपी ने बताया कि मार्च 2026 में यशोदा यादव के बच्चे को 1 लाख 80 हजार में खरीदकर अपनी बेटी को दे दिया था।
पश्चिम बंगाल से बच्चे को सकुशल बरामद
पुलिस ने बच्चे को पश्चिम बंगाल से बरामद कर उसे सुरक्षित संरक्षण में लिया। बरामद बच्चे की वर्तमान उम्र 9 से 10 माह है।
मां सहित पांच आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई
प्रकरण में सुकरू आलम उर्फ बंगाली, शेख अलविन, निर्मला तिर्की, फूलकुंवारी यादव एवं यशोदा यादव(मां )के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस के द्वारा आगे की जाँच-कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही आगे की जाँच जारी है।



