CG- चबूतरे पर मिला पुलिस कांस्टेबल का शव, संदिग्ध हालात में मौत से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस…..

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा में पुलिस आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पौनी पसारी चबूतरे पर आरक्षक कृष्णा पटेल का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। कृष्णा पटेल महासमुंद कोतवाली थाने में आरक्षक के पद पर तैनात थे।
शव मिलने की सूचना पर बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल आरक्षक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, बागबाहरा थाना क्षेत्र में नगरपालिका द्वारा निर्मित पौनी पसारी चबूतरे के पास आरक्षक कृष्णा पटेल का शव मिला। स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा, तब पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले की पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम की मदद ली। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है।
जांच में घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में आरक्षक कृष्णा पटेल शाम के समय बाइक से जाते हुए दिखाई दिया है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। आरक्षक वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।



