जिला स्तरीय युवा उत्सव में युवाओं को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर,
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक और क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज होंगे आकर्षण का केंद्र

जिला स्तरीय युवा उत्सव में युवाओं को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का अवसर,
विकसित भारत चैलेंज ट्रैक और क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज होंगे आकर्षण का केंद्र
बेमेतरा, भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा युवाओं के बीच पारस्परिक एकीकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला एवं राज्य स्तर पर युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। युवा उत्सव के साथ विकसित भारत चैलेंज ट्रैक का भी आयोजन किया जाएगा। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार जिला स्तरीय युवा उत्सव में विजेता प्रतिभागी एवं दल सांस्कृतिक विधाओं में राज्य स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेंगे।
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग बेमेतरा द्वारा आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने के लिए सभी प्रतिभागियों को माय भारत (MY Bharat) पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। एक प्रतिभागी केवल एक ही विधा में भाग ले सकेगा। प्रतिभागियों के लिए आयु सीमा 15 से 29 वर्ष तथा संगतकारों के लिए 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना 17 अगस्त 2026 की स्थिति में की जाएगी।
भारत सरकार द्वारा निर्धारित विधाओं में विकसित भारत चैलेंज ट्रैक, लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक शामिल हैं। इन विधाओं में चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय युवा उत्सव में राज्य का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
विधाओं के मुख्य नियम इस प्रकार हैं –
1. विकसित भारत चैलेंज ट्रैक: इसके अंतर्गत ऑनलाइन निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को _जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन एवं समावेशी विकास_ विषयों पर 500 शब्दों में निबंध लिखना होगा।
2. लोकनृत्य एवं लोकगीत: अधिकतम 7 सदस्य तथा 3 अतिरिक्त संगतकार शामिल हो सकेंगे। टेप रिकॉर्डेड संगीत एवं फिल्मी गीत मान्य नहीं होंगे।
3. चित्रकला: प्रत्येक प्रतिभागी को ए-3 आकार के पोस्टर पर एक चित्र प्रस्तुत करना होगा।
4. कविता लेखन: प्रतिभागी हिंदी, अंग्रेजी अथवा क्षेत्रीय भाषा में कविता प्रस्तुत कर सकेंगे। कविता में हिंसात्मक, आपराधिक, आपत्तिजनक अथवा भेदभाव को बढ़ावा देने वाली सामग्री स्वीकार नहीं की जाएगी।
5. नुक्कड़ नाटक: अधिकतम 10 सदस्य भाग ले सकेंगे, जिनमें महिला, पुरुष अथवा दोनों शामिल हो सकते हैं।
इस वर्ष युवाओं की रचनात्मकता और सोशल मीडिया सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए क्रिएटिव यूथ रील चैलेंज भी आयोजित किया जाएगा। इसके अंतर्गत प्रतिभागियों को ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित छत्तीसगढ़’ थीम पर अधिकतम 60 सेकंड की रील बनाकर प्रस्तुत करनी होगी। प्रतिभागियों को अपनी रील अपने व्यक्तिगत इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट कर जिला कलेक्ट्रेट के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट को टैग करना अनिवार्य होगा, साथ ही निर्धारित हैशटैग का उपयोग करना होगा। सोशल मीडिया सहभागिता के अंक निर्धारित अंतिम तिथि तक प्राप्त लाइक की संख्या के आधार पर दिए जाएंगे। फर्जी, बॉट अथवा कृत्रिम तरीके से बढ़ाए गए लाइक पाए जाने पर प्रविष्टि निरस्त की जा सकती है।
युवा उत्सव में पारंपरिक वेशभूषा का प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिसके लिए सामग्री प्रतिभागियों को स्वयं लानी होगी। रॉक बैंड की प्रतियोगिता का आयोजन केवल राज्य स्तर पर किया जाएगा।
जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग बेमेतरा ने जिले के युवाओं से युवा उत्सव की विभिन्न विधाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। विस्तृत जानकारी के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, बेमेतरा से संपर्क किया जा सकता है।


